युवक का दावा- VVPAT पर्ची और वोट का नहीं हुआ मिलान, अधिकारी बोले- शिकायत करने पर हो जाओगे गिरफ्तार
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Election Commission) के दौरान वीवीपैट(VVPAT) और ईवीएम (EVM) को लेकर बार-बार सवाल उठते रहे हैं। मतदान के दौरान एक तरफ ईवीएम में गड़बड़ी ने मतदाताओं को परेशान किया है तो वहीं, कुछ ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं जहां वीवीपैट मशीन से वोट मिलान ना होने की खबरें आई हैं। लोकसभा चुनाव के तहत दिल्ली में मतदान के दौरान ऐसा ही एक मामला सामने आया है। वोटर का दावा है कि उसने जो वोट दिया, वह वीवीपैट मशीन की पर्ची से मेल नहीं खा रहा था लेकिन उसे शिकायत नहीं करने दी जा रही थी।

युवक ने ट्वीट के जरिए किया दावा
मिलन गुप्ता ने ट्वीट किया, 'मेरी वीवीपैट मशीन (मटियाला पोलिंग बूथ 96, दिल्ली) ने गलत निशान दिखाया जबकि ईवीएम की लाल बत्ती सही जल रही थी। मैंने चुनाव अधिकारी से इसकी शिकायत तो मुझे नोडल अधिकारी के पास जाने का निर्देश दिया गया और उन्होंने वहां से सेक्शन ऑफिसर के पास जाने को कहा। सभी ने मुझे इस संबंध में शिकायत ना करने को कहा।'
ये भी पढ़ें: दिल्ली लोकसभा चुनाव 2019 की हर खबर

'अधिकारी बोले-शिकायत पर होगी गिरफ्तारी'
युवक ने आगे बताया, 'उन्होंने कहा कि मुझे आईपीसी की धारा 177 के तहत गिरफ्तार कर लिया जाएगा, मुझे ये बहुत अजीब लगा क्योंकि यह धारा बिना अदालती आदेश के गिरफ्तार करने का प्रावधान नहीं देती है। मैंने उनको बताया कि मैं हर हाल में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराऊंगा।' बता दें कि 12 मई को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली में मतदान हुआ था।

12 मई को दिल्ली में हुआ था मतदान
मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आईं जबकि कुछ पोलिंग बूथ पर मतदाताओं के नाम ना होने का मामला भी सामने आया। इस बाबत दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि उनके कार्यालय ने मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए जितना अभियान चलाया, वोटिंग प्रतिशत उसके मुकाबले उत्साहित करने वाला नहीं है। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान 60 फीसदी मतदान हुआ जो कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत 65 से कम है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला बीजेपी, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच है।












Click it and Unblock the Notifications