आडवाणी से मिलने पहुंचे मुरली मनोहर जोशी, दोनों नेताओं का कटा है टिकट, लग रहे ये कयास
आडवाणी से मिलने पहुंचे मुरली मनोहर जोशी, क्या हुई बात
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी की शुक्रवार को मुलाकात हुई है। दोनों की नेताओं को इस चुनाव में भाजपा की ओर से टिकट नहीं दिया गया है, जिसको लेकर दोनों नाराजगी जता चुके हैं। दोनों नेताओं को पार्टी अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रवैये से खफा बताया जाता है। ऐसे में इन दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद कई तरह के कयास राजनीतिक गलियारों में लगाए जा रहे हैं।

मुलाकात को लेकर कई अटकलें
मुरली मनोहर जोशी शुक्रवार को आडवाणी से मिलने पहुंचे तो कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं। आडवाणी से मुलाकात करने जोशी उनके घर पहुंचे। मुलाकात के दौरान क्या चर्चा हुई। इसको लेकर इन दोनों नेताओं की ओर से तो कुछ नहीं कहा गया लेकिन इस पर चर्चा ना सिर्फ राजनातिक गलियारों में बल्कि बीजेपी के भीतर भी शुरू हो गईं।

दोनों नेताओं का टिकट कटा
भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शुमार लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का टिकट काट दिया है। आडवाणी ने टिकट कटने पर नाराजगी जताई कि ऐसा करने से पहले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनसे संपर्क भी नहीं किया। आडवाणी ने ब्लॉग लिखकर भी इशारे में जरूर नरेंद्र मोदी और अमित शाह को निशाने पर लिया है। वहीं मुरली मनोहर जोशी ने अपने बयान में साफतौर पर अपनी नाराजगी जताई है। आडवाणी गुजरात के गांधीनगर तो जोशी उत्तर प्रदेश की कानपुर सीट से सांसद हैं।
अपने राज्य की विस्तृत चुनावी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

आडवाणी, जोशी का भाजपा में रहा बड़ा कद
लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का कद लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में काफी ऊंचा रहा है। दोनों ही नेता पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं तो अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में अहम मंत्रालयों के मंत्री भी रहे। नरेंद्र मोदी के केंद्र में उभार के बाद दोनों नेताओं का कद घटा दिया गया था। इस दफा भाजपा में जिन लोगों को टिकट नहीं मिला या खुद जिन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया उनमें जोशी और आडवाणी के अलावा सुषमा स्वराज, उमा भारती, सुमित्रा महाजन, कलराज मिश्र, बाबूलाल गौड़ के भी नाम शामिल हैं।
एक क्लिक में जानें अपने लोकसभा क्षेत्र के जुड़े नेता के बारे में सबकुछ












Click it and Unblock the Notifications