पीएम मोदी के दावे पर टीएमसी का पलटवार, एक्सपायरी बाबू PM.. कोई आपके साथ नहीं जाएगा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के दौरान पश्चिम बंगाल में सियासत गरमाई हुई है। एक तरफ चुनावी हिंसा पर बीजेपी-टीएमसी आमने-सामने है तो दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी ने रैली के दौरान ममता बनर्जी पर हमला बोला और दावा किया कि टीएमसी के 40 विधायक उनके संपर्क में है। पीएम मोदी के इस दावे पर टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन ने पलटवार किया है।

पीएम मोदी के दावे पर टीएमसी का पलटवार
डेरेक ओब्रायन ने पीएम मोदी पर हमला बोला और कहा, 'एक्सपायरी बाबू पीएम, कोई आपके साथ नहीं जाएगा, एक पार्षद भी नहीं। आप चुनाव प्रचार कर रहे हैं या खरीदफरोख्त कर रहे हैं। आपका एक्सपायरी डेट नजदीक है। हम चुनाव आयोग से इसकी शिकायत कर रहे हैं।' टीएमसी सांसद ने कहा कि वे पीएम मोदी के खिलाफ खरीदफरोख्त की कोशिश की शिकायत दर्ज करेंगे।
टीएमसी के 40 विधायक संपर्क में- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में रैली के दौरान ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला था। साथ ही पीएम मोदी ने दावा किया था, 'दीदी, आपकी जमीन खिसक चुकी है और देख लेना 23 मई को जब नतीजे आएंगे तो आपके विधायक भी आपको छोड़कर भाग जाएंगे। आज भी आपके 40 विधायक मेरे संपर्क में हैं।'
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज

भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला हो रहा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'जनता की आंखों में एक ही सपना दिख रहा है। जनता के जिगर में एक ही संकल्प है, और वो है - चुपे-चाप कमल छाप, चुपे-चाप कमल छाप। बूथ बूथ से TMC साफ, बूथ बूथ से TMC साफ। दीदी आपने विश्वासघात किया है, आज जो पश्चिम बंगाल में गुस्सा है वो आपके विश्वासघात का है और इस विश्वासघात की कीमत यहां का नौजवान लेकर रहेगा।' पीएम मोदी ने कहा था कि टीएमसी के गुंडे लोगों को वोट डालने से रोकने की जी-जान से कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications