Lok Sabha Elections 2019: सर्वे ने बढ़ाई यूपी में भाजपा की मुश्किल
नई दिल्ली। चुनाव की तारीख करीब आने के साथ ही लगातार तमाम न्यूज चैनल के सर्वे सामने आ रहे हैं। एबीपी न्यूज और नीलसन के सर्वे के अनुसार आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में बड़ा झटका लग सकता है। सर्वे के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में 80 में से 36 सीटों पर ही जीत मिलेगी। वहीं प्रदेश में सपा, बसपा और आरएलडी गठबंधन के खाते में 42 सीटें जा सकती हैं। वहीं कांग्रेस की बात करें तो पार्टी को सिर्फ दो सीटों पर ही जीत मिलेगी।

भाजपा को लग सकता है झटका
बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 80 में से 71 सीटों पर जबरदस्त जीत दर्ज की थी, जबकि एनडीए सहयोगी अपना दल के खाते में दो सीटें आई थी। लेकिन इस बार प्रदेश में भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल एक साथ लामबंद हो गए हैं। प्रदेश में सपा-बसपा और आरएलडी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। लिहाजा प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का सफर इस बार आसान नहीं है। पिछले चुनाव में भाजपा को 43.3 फीसदी वोट मिले थे, माना जा रहा है कि 43 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं गठबंधन के खाते में 42 फीसदी वोट जा सकते हैं।

प्रियंका गांधी बेअसर
इस बार उत्तर प्रदेश के चुनावी रण में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को आधिकारिक रूप से राजनीति के मैदान में उतार दिया है। उन्हें पार्टी ने महासचिव बनाया है, साथ ही पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाया है। लेकिन सर्वे की मानें तो प्रियंका गांधी का जादू नहीं चलेगा। सर्वे के अनुसार पार्टी को प्रियंका गांधी का कोई खास फायदा नहीं होगा। सर्वे के अनुसार कांग्रेस सिर्फ अपनी पारंपरिक सीट अमेठी और रायबरेली पर ही जीत दर्ज कर पाएगी, जबकि अन्य सीटों पर उसे जीत नहीं मिलेगी। साथ ही पार्टी के वोट फीसदी में भी मामूली अंतर देखने को मिलेगा।

भाजपा के लिए दिग्गज
भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो सर्वे के अनुसार पार्टी की मुश्किल उसके दिग्गज नेता हैं। सर्वे के अनुसार केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, यूपी सरकार में मंत्री रीता बहुगुणा जोशी चुनाव हार सकती हैं। बता दें कि मनोज सिन्हा गाजीपुर से सांसद हैं, वहीं रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद की लोकसभा सीट से मैदान में हैं। ऐसे में जिस तरह से दोनों दिग्गज भाजपा नेताओं की जीत पर संशय के बादल घिरे हैं, वह पार्टी के लिए मुश्किल का सबब साबित हो सकता है।

कहां मिलेगी कितनी सीट
पश्चिम यूपी की बात करें तो यहां की कुल 27 सीटों में से भाजपा को सिर्फ 12 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है। एसपी, बीएसपी और आरएलडी को 15 सीटों पर जीत मिल सकती है। गौतमबुद्धनगर से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा चुनाव हार सकते हैं। अवध की 23 सीटों में से भाजपा के खाते में 11 सीटें और गठबंधन के खाते में 10 सीटें जाती दिख रही हैं। पूर्वांचल की 26 सीटों में से गठबंधन को 15 सीटों पर तो भाजपा को 11 सीटों पर जीत मिल सकती है। बुंदेलखंड की 4 सीटों में से दो सीटों पर भाजपा और दो सीटे गठबंधन को मिल सकती है। झांसी और जालौन पर भाजपा को जीत ममिल सकती है, जबकि हमीरपुर और बांदा गठबंधन के खाते में जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications