लोकसभा चुनाव में वंशवाद, आतंकवाद पर मोदीवाद की जीत हुई: शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव बीजेपी ने जोरदार जीत दर्ज करते हुए केंद्र की सत्ता में वापसी की है। पीएम नरेंद्र मोदी लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। इस जीत का श्रेय हर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दे रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ले भी जीत का श्रेय पीएम मोदी को दिया और कहा कि ये आतंकवाद, जातिवाद, गुंडावाद और वंशवाद पर मोदीवाद की जीत है। उन्होंने कहा, "मैंने कहा था भाजपा को 300 से अधिक सीटें मिलेंगी और भाजपा को 350 से अधिक सीट मिलीं।
सपा-बसपा के गठबंधन पर भी चुटकी ली
शिवराज ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन पर भी चुटकी ली जिसने महज 15 सीटें हासिल कीं और आरजेडी जिसने बिहार में एक भी सीट हासिल नहीं की। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और जन कल्याण के लिए मतदान किया है। शिवराज ने कहा, "उत्तर प्रदेश में ये कहा गया था कि सपा-बसपा के गठबंधन से भाजपा का 40 सीट जीतना भी मुश्किल होगा। लेकिन लोगों ने जाति को वोट नहीं दिया और भाजपा को 62 सीट मिलीं। बिहार में, आरजेडी.. जो जाति आधारित राजनीति करती है, भी खाली रही। विपक्ष ने मुद्दों के बजाय मोदी को टारगेट किया।"
भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग में विश्वास नहीं करती
भाजपा प्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिराने की कोशिश कर रही है, इस आरोप पर उन्होंने कहा, "भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग में विश्वास नहीं करती है। मैंने पहले ही कहा था कि कांग्रेस ने अधिक सीट जीती हैं और उसे सरकार बनानी चाहिए। भाजपा को राज्य सरकार को गिराने में कोई दिलचस्पी नहीं है। अगर कुछ अपनेआप ही हुआ, तो हम कुछ नहीं कर पाएंगे।"
मध्य प्रदेश में बीजेपी को 29 में से 28 सीटें
मध्यप्रदेश में भाजपा ने 28 सीटें जीत ली हैं; जबकि कांग्रेस ने 1 सीट पर कब्जा किया है। कांग्रेस के पास जो सीट आई वो प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की परंपरागत सीट छिंदवाड़ा है। यहां से इस बार कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ को कांग्रेस ने टिकट दिया था। यहां नकुल नाथ ने 37536 वोटों से भाजपा के नथ्थनशाह कावरेती को हराया है।
Read Also- PICS: मिलिए सबसे खूबसूरत महिला सांसद से, जिनके सामने बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी हैं फेल