Lok Sabha Election 2024: बंगाल में बीजेपी ने किस आधार पर सेट किया 35 सीट जीतने का टारगेट?
Lok Sabha Election 2024 in West Bengal: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जब पिछले महीने बंगाल दौरे पर गए थे और वहां लोकसभा की 42 में से 35 सीटें जीतने का टारगेट तय कर आए थे, तो सवाल उठ रहे थे कि आखिर इसका आधार कुछ न कुछ तो जरूर होना चाहिए।
अब बीजेपी के प्रदेश नेताओं ने दावा किया है कि यह लक्ष्य यूं ही नहीं दिया गया है। पार्टी ने अब बंगाल में अपना एक मजबूत संगठन बना लिया है। इसके साथ ही पार्टी राज्य में ज्यादा से ज्यादा महिला उम्मीदवारों को उतारने की तैयारी में लगी है।

2019 के आंकड़ों से जगी बीजेपी की उम्मीद
अगर 2019 के लोकसभा चुनावों के आंकड़े देखें तो सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (44%) और बीजेपी (41%) के बीच राज्य में महज 3% वोट शेयर का ही फासला रहा था; और सीटों के मामले में टीएमसी (22) को बीजेपी (18) से चार सीटें ज्यादा मिली थी।
बीजेपी को लगता है कि चुनाव लोकसभा का है। उसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद को विपक्षी गठबंधन का पीएम उम्मीदवार बनने की संभावनाओं से भी खुद कर चुकी हैं, इसलिए 35 सीटों वाला लक्ष्य हासिल करना नाममुकिन नहीं है।
हमने सारी चीजें ध्यान में रखकर टारगेट दिया है- बीजेपी नेता
बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने ईटी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है, 'अब पार्टी एक ठोस संगठनात्मक आधार पर खड़ी है और हमारा वोट बेस भी है। इसलिए इन चीजों को ध्यान में रखकर हमने 35 सीटों का लक्ष्य दिया है।'
घोष उस कोर टीम का हिस्सा हैं, जो लोकसभा चुनावों में राज्य में पार्टी की गतिविधियां तय करेंगी। इस टीम में उन नेताओं को शामिल किया गया है, जो चुनाव प्रबंधन के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं।
बंगाल में बड़ी संख्या में महिलाओं को टिकट दे सकती है बीजेपी
बंगाल में बीजेपी की रणनीति का एक बड़ा हिस्सा ये भी सामने आया है कि वह इस बार महिला उम्मीदवारों पर बहुत ज्यादा फोकस करने जा रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 5 महिलाओं को टिकट दिया था, जिनमें से 2 जीत गई थीं। बाद में उपचुनाव में भी एक महिला प्रत्याशी को टिकट मिला था।
अबकी बार भाजपा सूत्रों का कहना है कि बंगाल में पार्टी कम से कम 12 महिलाओं को टिकट दे सकती है। 2019 में अभिनेत्री से नेता बनीं लॉकेट चटर्जी ने हुगली से और देबाश्री चौधरी ने रायगंज से बीजेपी के टिकट पर जीत दर्ज की थी।
हाल ही में बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजुमदार कह चुके हैं, 'जहां तक महिलाओं के सम्मान और उनके उत्थान की बात है तो बीजेपी की तुलना किसी भी अन्य राजनीतिक दल से नहीं की जा सकती।' हालांकि, उन्होंने कहा था कि 'उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला तो पार्टी की केंद्रीय इकाई ही लेगी।'
कुछ महिला एमएलए को भी दिया जा सकता है टिकट
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी राज्य विधानसभा की कुछ महिला विधायकों पर भी लोकसभा चुनावों में दांव लगा सकती है। हाल के समय में बीजेपी ने कई जगहों पर ऐसा प्रयोग किया है और उसे काफी सफलता भी मिली है। इसके अलावा पार्टी बंगाल की कुछ तेज-तर्रार महिला चेहरों को भी चुनावी समर में उतार सकती है।
लेकिन, पूरे देश की तरह पार्टी बंगाल में भी मुख्य तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे के ही भरोसे रहेगी और उसी के दम पर वह उस 7% वोट शेयर के फासले को भी पाटना चाहती है, जो पिछले विधानसभा में टीएमसी के साथ रह गया था।












Click it and Unblock the Notifications