लोकसभा चुनाव के लिए AIADMK ने 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, जयललिता की पार्टी अकेले ठोक रही ताल
AIADMK Candidates List: चुनाव आयोग की तरफ से लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब तमिलनाडु की अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK ) ने अपने 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
दरअसल, देश में लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग होगी, ऐसे में तमिलनाडु की 39 सीटों पर भी पहले चरण में वोटिंग है। जिसके चलते अन्नाद्रमुक ने अपने 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।

जानिए किसे कहां से मिला टिकट
राज्य की 16 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची पार्टी महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने जारी की। पार्टी ने अराक्कोनम से एएल विजयन, कृष्णागिरी से जयप्रकाश, सेलम से विग्नेश, मदुरै से सरवनन और इरोड से अत्राल अशोककुमार को मैदान में उतारने का फैसला किया है।
अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री डी जयकुमार के बेटे जयवर्धन दक्षिण चेन्नई से चुनाव लड़ेंगे। मनोहर उत्तरी चेन्नई से, राजशेखर कांचीपुरम से, गजेंद्रन अरानी से, बक्कियाराज विल्लुपुरम से, तमिलमणि नामक्कल से, चंद्रशेखरन चिदंबरम से, सुरसिथ शंकर नागपट्टिनम से और नारायणसामी थेनी से चुनाव लड़ेंगे।
गठबंधन दल को इतनी सीटें
तेनकासी को पुथिया तमिलगम को आवंटित किया गया है, जबकि डिंडुक्कल को एसडीपीआई को आवंटित किया गया है। पार्टी महासचिव पलानीस्वामी ने सूची जारी करते हुए कहा कि डीएमडीके को पांच निर्वाचन क्षेत्र आवंटित किए गए हैं और पुथिया तमिलगम और एसडीपीआई को एक-एक सीट दी गई है।
पलानीस्वामी ने कहा, "एआईएडीएमके गठबंधन में, तेनकासी निर्वाचन क्षेत्र से डीएमडीएमके को 5 सीटों पर, एसडीपीआई को 1 सीट पर और पुथिया तमिलगम को 1 सीट पर चुनाव लड़ना है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें विश्वास है कि हम मजबूत हैं। हमें विश्वास है कि लोग हमारा समर्थन करेंगे। हमें इसकी परवाह नहीं है कि लोग सोशल मीडिया पर क्या बात करते हैं। हम लोगों के साथ गठबंधन में हैं।" अन्नाद्रमुक महासचिव ने यह भी कहा कि पार्टी पीएमके के साथ गठबंधन नहीं करने से निराश नहीं है, जो मंगलवार को भाजपा गठबंधन में शामिल हो गई थी।
पलानीस्वामी ने कहा कि "हमें कोई निराशा नहीं है क्योंकि पीएमके हमारे गठबंधन में शामिल नहीं हुई। अन्नाद्रमुक हमेशा अपने पैरों पर खड़ी रहेगी। अगर कोई हमारे गठबंधन में आता है, तो हम उनका स्वागत करेंगे। यह पूरी तरह से प्रत्येक पार्टी के फैसले पर निर्भर करता है।"
एनडीए से अलग लड़ने का फैसला
बता दें कि इस बार एआईएडीएमके को एसडीपीआई, तमिल मनीला मुस्लिम लीग, मनिथा नेया जनानायगा काची और पुथिया तमिलगम का समर्थन प्राप्त है। AIADMK ने इस बार लोकसभा चुनाव एनडीए से अलग लड़ने का फैसला किया है। पार्टी पिछले साल NDA से आधिकारिक तौर अलग हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications