Lok Sabha Chunav 2024: चुनावी नतीजों के बाद पीएम मोदी का पहला रिएक्शन, जानिए क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके एनडीए की जीत को अभूतपूर्व बताया है।
पीएम मोदी ने कहा देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है। भारत के इतिहास में ये एक अभूतपूर्व पल है। मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं।

मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।
वहीं चुनाव नतीजों के बाद अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में NDA को लगातार तीसरी बार सेवा का मौका देने के लिए देश की जनता को कोटि-कोटि नमन करता हूँ। लगातार तीसरी जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ मोदी जी के साथ है।
NDA की यह विजय देश के लिए अपना जीवन खपा देने वाले नेता श्री नरेंद्र मोदी जी में जन-जन के अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है। यह मोदी जी के विकसित भारत के विजन पर जनता-जनार्दन का विश्वासमत है।
यह जन आशीर्वाद मोदी जी के बीते एक दशक के गरीब कल्याण, विरासतों के पुनरोत्थान, महिलाओं के स्वाभिमान व किसान कल्याण के कार्यों की सफलता का आशीष है। नया भारत इस जनादेश के साथ विकास यात्रा को और गति और शक्ति देने के लिए तैयार है।
NDA की यह जीत, बीते 10 सालों में मोदी जी ने जिस तरह देश के गरीबों, महिलाओं, पिछड़ों, वंचितों और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए पुरुषार्थ किया है, उसके लिए जनता का आशीर्वाद है। इस जीत के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को बधाई देता हूँ।
यह विजय, मोदी जी की उस अविराम साधना का प्रतिफल है, जो किसी भी कीमत पर रुकना नहीं जानती है। बीते 23 सालों के सार्वजनिक जीवन में बिना एक दिन भी छुट्टी लिए, बिना अपनी परवाह किये, दिन-रात केवल देश और देशवासियों के कल्याण के लिए प्रयासरत रहने के मोदी जी के मैराथन प्रयास की यह जीत है।
भाजपा को तीसरी बार मिली यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी और देश के हर भू-भाग में मेहनत करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मैं बधाई देता हूँ।
भाजपा के लिए उनके कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी पूँजी हैं। आप सभी ने जिस परिश्रम से उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक गली-गली, घर-घर जाकर मोदी जी के लिए जनता का आशीर्वाद माँगा है, वह सचमुच सराहनीय है। मैं आप सभी को इस भगीरथ प्रयास के लिए मनपूर्वक शुभकामनाएँ देता हूँ।












Click it and Unblock the Notifications