ईएमआई में छूट के सवाल पर क्या बोलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण?
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन है। इस दौरान केवल जरूरी सेवाएं ही जारी रहेंगी। देश को कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने राहत पैकेज का ऐलान किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि सरकार गरीबों की मदद के लिए 1.70 लाख करोड़ रुपये का पैकेज लेकर आई है। इसके जरिए गरीब कल्याण स्कीम के तहत डायरेक्ट कैश ट्रांसफर होगा और लोगों को खाद्य सुरक्षा दी जाएगी। वहीं, उन्होंने ईएमआई में छूट को लेकर पूछे गए सवाल का भी जवाब दिया।
Recommended Video

पहले गरीबों की भूख का इंतजाम करना है- वित्त मंत्री
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब वित्त मंत्री से पूछा गया कि सरकार क्या ईएमआई में छूट देने जा रही है? इसपर वित्त मंत्री ने कहा कि पहले गरीबों की भूख का इंतजाम करना है, उनकी खाद्य सुरक्षा का इंतजाम करना है। इसके बाद धीरे-धीरे हम दूसरी चीजों पर भी सोचेंगे। निर्मला सीतारमण ने कहा कि 24-25 की रात को लॉकडाउन शुरू किया गया है। सरकार प्रभावितों और गरीबों की मदद के लिए काम कर रही है। हमें उनतक पहुंचना है, केवल 36 घंटे हुए हैं।
सभी को भोजन मिले, हमारी प्राथमिकता- वित्त मंत्री
उन्होंने कहा कि हम पैकेज लेकर आए हैं, जो गरीबों का ध्यान रखेगा, जिन्हें तुरंत मदद की जरूरत है। वित्त मंत्री ने बताया कि जो लोग ये जंग लड़ रहे हैं, चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं उन्हें 50 लाख का लाइफ इंश्योरेंस दिया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोग आते हैं, सरकार ये सुनिश्चित करेगी कि सभी को भोजन मिले। उज्जवला योजना के तहत अगले तीन महीने तक मुफ्त में रसोई गैस सिलेंडर मिलते रहेंगे, जिससे अन्न, धन और गैस की चिंता से ये लोग मुक्त होंगे।

20.5 करोड़ महिलाओं के खाते में 500 रुपए प्रति माह
वित्त मंत्री ने बताया कि जनधन योजना के तहत 20.5 करोड़ महिलाओं के खाते में 500 रुपए प्रति माह तीन महीने तक अतिरिक्त पैसा दिया जाएगा। दिव्यांग, वृद्ध और विधवा के लिए 1 हजार रुपए अतिरिक्त अगले तीन महीने तक दो किस्तों में मिलेंगे और इससे करीब 3 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा। ये पैसा सीधा उनके खातों में जाएगा। मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 182 रुपए से बढ़ाकर 202 रुपए कर दी गई है, इस घोषणा के बाद 5 करोड़ लोगों को इसका फायदा होगा। बता दें कि कोरोना वायरस के कारण देश में 21 दिनों का लॉकडाउन है।












Click it and Unblock the Notifications