मोहल्ला क्लीनिक पर जंग, AAP विधायकों ने 7 घंटे तक राजभवन में दिया 'धरना'
नई दिल्ली। मोहल्ला क्लीनिक बिल पर केजरीवाल सरकार और उप राज्यपाल अनिल बैजल में नए सिरे से जंग शुरू हो चुकी है। बुधावर को आम आदमी पार्टी के करीब 40 विधायकों ने राजभवन पहुंच उप राज्यपाल से बिल पर साइन करने की मांग की। इन विधायकों का कहना कि वो राजभवन से तक तक नहीं जाएगें जब तक कि उप राज्यपाल अनिल बैजल मोहल्ला क्लीनिक बिल पर साइन नहीं कर देते। करीब 7 घंटे तक चले तकरार के बाद देर शाम को आप विधायकों को राजभवन से बाहर निकाला गया। बता दें कि उप राज्यपाल अनिल बैजल ने हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट पर साइन करने से मना कर दिया था।

इस मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा, 'मोहल्ला क्लीनिक पर किसी तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह दो करोड़ दिल्लीवासियों के स्वास्थय से जुड़ा मसला है। उप राज्यपाल को इस बिल पर तुरंत साइन करना चाहिए।' केजरीवाल ने आगे कहा कि बिल में हो रही देरी से जनता का नुकसान हो रहा है। उप राज्यपाल को सभी को बुलाकर इस मुद्दे पर जारी गतिरोध को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। अगर उप राज्यपाल इच्छा जताते हैं तो मैं अपने मंत्रियों के साथ राजभवन आने को तैयार हूं।
केजरीवाल ने कहा कि, 'फाइलें ऊपर-नीचे करने की बजाय उप राज्यपाल को सभी विरोधों को दूर करें। यह मेरा विनम्र निवेदन है।' वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली को डेंगू-चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाने के लिए मोहल्ला क्लीनिक बेहद जरूरी है। लोगों की जिंदगी की कीमत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications