जम्मू-कश्मीर में राम माधव बोले, जेल में बैठे नेता लोगों को बंदूक उठाने को कह रहे हैं
Recommended Video
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटने के बाद बीजेपी महासचिव राम माधव पहली बार कश्मीर घाटी के दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये नेता बेशक जेलों में बैठे हैं लेकिन लोगों को वहीं से संदेश भेज रहे हैं।

राम माधव ने कहा, 'कुछ नेता जेल में बैठकर लोगों को संदेश भेज रहे हैं, 'बंदूक उठाओ और खुदा का बलिदान करो।' जम्मू-कश्मीर के लोगों को इन नेताओं को कहना चाहिए कि खुद आगे आओ और पहले अपने जीवन का बलिदान करो।'
उन्होंने कहा कि कुछ नेता राज्य में हिंसा भड़काने की कोशिश में जुट गए थे। उन्होंने कश्मीर के कारोबारियों से बेखौफ होकर दुकानें खोलने की अपील की है और दावा किया है, जनता सड़कों पर उमड़ पड़ी है, सड़कों पर जाम लग रहा है। ऐसे में मोदी सरकार के रहते हुए उन्हें किसी बात के लिए डरने की जरूरत नहीं है।
श्रीनगर के टैगोर हॉल में बीजेपी समर्थकों से जश्न-ए-कश्मीर कार्यक्रम में उन्होंने कहा, 'ऐसी राजनीति नहीं चल सकती। नया प्रशासन सबका साथ, सबका विकास के आधार पर चलेगा। मोदी सरकार का यही सिद्धांत है।' राम माधव ने कहा है कि भाई-भतीजावाद और परिवार की सत्ता ही वहां की हिंसा की मुख्य वजह है और अब नई लीडरशिप वक्त की जरूरत है। उन्होंने कहा है 'बीजेपी नए नेतृत्व पैदा करने के लिए तैयार है।'
माधव ने कहा कि पिछले दो महीने में कश्मीर में हिसा की घटनाएं नहीं के बराबर हुई हैं। उन्होंने चेतावनी वाले लहजे में कहा कि 'जो भी रुकावटें पैदा करेंगे, उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। ऐसे लोगों के लिए भारत में अनेकों जेल हैं। ' कश्मीर में बंदी को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज मोदी से डरती है तो आपको किस बात का डर सता रहा है। वे बोले कि, 'दुकानें खोलिए। सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। मैं खुद ही बाटामालू में भारी ट्रैफिक जाम में फंस गया था।'












Click it and Unblock the Notifications