INS Viraat: अपने आखिरी सफर पर निकला भारतीय नौसेना का सबसे पुराना जंगी जहाज, 30 सालों तक की देश की सेवा
नई दिल्ली: करीब 30 सालों तक भारत की समुद्री सीमा की सुरक्षा करने वाला भारतीय नौसेना का युद्धपोत INS विराट अपने अंतिम सफर पर निकल पड़ा है। शुक्रवार को ये युद्धपोत मुंबई से गुजरात के भावनगर के लिए रवाना हुआ। इसे एक टग बोट के जरिए ले जाया जा रहा है। रविवार देर रात तक इसके भावनगर पहुंचने की उम्मीद है। यहीं पर इसके स्टील समेत अन्य धातुओं को निकालकर अलग-अलग कंपनियों को बेचा जाएगा।
Recommended Video

2017 में हुआ था रिटायर
दरअसल INS विराट को 2017 में भारतीय नौसेना से रिटायर कर दिया गया था। ये इकलौता ऐसा जहाज है, जो यूके और भारत दोनों ही नौसेनाओं का हिस्सा रहा। रिटायरमेंट के बाद से ये मुंबई के नेवल यार्ड में लंगर डाले हुए था। वहीं पर इसकी नीलामी की प्रक्रिया जारी थी, जहां पिछले महीने श्रीराम ग्रुप ने इसे 38.54 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीद लिया। अब यही कंपनी इसे मुंबई से गुजरात के भावनगर ले जा रही है। इसके रविवार देर रात तक भावनगर पहुंचने की उम्मीद है।

निर्माण में मजबूत स्टील का इस्तेमाल
श्रीराम ग्रुप के चेयरमैन मुकेश पटेल के मुताबिक INS विराट एक शानदार जहाज है, जिसमें लोहा बिल्कुल नहीं है। इसे बनाने में उच्च गुणवत्ता का स्टील इस्तेमाल हुआ था। साथ ही इसमें बुलेटप्रुफ मैटेरियल भी लगा है। पटेल के मुताबिक कई बाइक निर्माता कंपनियां उनके संपर्क में हैं, वो इसका स्टील खरीदना चाहती हैं। इसके बाद वे अन्य धातुओं के मिश्रण से एक मजबूत बाइक तैयार करेंगी।

गौरवशाली रहा है इतिहास
इस वॉरशिप का निर्माण जून 1944 में शुरू हुआ और 18 नवंबर 1959 को इसे रॉयल नेवी में कमीशंड किया गया। रॉयल नेवी से 1985 में डी-कमीशंड होने के बाद विराट ने 12 मई 1987 को इंडियन नेवी में कमीशन प्राप्त किया। इसके बाद आईएनएस विक्रमादित्य के आने तक ये हिंद महासागर में बादशाह की तरह रहा। इसे दुनिया का सबसे पुराना वॉरशिप कहा जाता है, जिसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल है।

20 हजार घंटे का फ्लाइंग रिकॉर्ड
वर्ष 2012 तक आईएनएस विराट ने 40,000 घंटे से ज्यादा का समय पानी पर बिता लिया था और इसने करीब दुनिया के सात समंदरों पर 5,00,000 नॉटिकल माइल्स की दूरी भी तय कर ली थी। इसके अलावा इस एयरक्राफ्ट के डेक से 20,000 घंटे की फ्लाइंग का भी रिकॉर्ड दर्ज है। वर्तमान नेवी चीफ एडमिरल सुनील लांबा आईएनएस विराट पर एग्जिक्यूटिव ऑफिसर थे। इसके अलावा पूर्व नेवी चीफ एडमिरल माधवेंद्र सिंह, एडमिरल अरुण प्रकाश, एडमिरल निर्मल कुमार वर्मा और एडमिरल देवेंद्र कुमार जोशी आईएनएस विराट पर बतौर कमांडिंग ऑफिसर तैनात रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications