'एक्सपायरी डेट' वाली दवा बन चुके हैं लालू, उनकी क्या बात करें : रामविलास पासवान
लखनऊ| एक बार फिर से लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुखिया और कभी अपने पुराने साथी रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव पर निशाना साधा है।
पासवान ने लालू की आलोचना करते हुए कहा है कि वो तो अब एक्सपायरी डेट की दवा बन चुके हैं, इसीलिए वह पुरानी घिसी पिटी बातें बोलते रहते हैं। पासवान ने कहा कि लालू मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर गलत टिप्पणी करते रहते हैं। आपको बता दें रामविलास पासवान मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
'एक्सपायरी डेट' वाली दवा बन चुके हैं लालू
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 में उप्र के विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से डट जाइए। पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना होगा।
बीमार हैं मिस्टर लालू
आपको बता दें कि लालू यादव ने अपने एक बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एनआरआई बताया था। इसी का जवाब देते हुए पासवान ने उन पर हमला बोला।केन्द्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। इस सरकार में जनता के हितों में काफी फैसले लिए गये हैं।
रामविलास के सांसद बेटे चिराग पासवान ने कहा कि लालू बीमार हैं। उन्हें आराम करना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम और बसपा मुखिया मायावती पर धर्म व जाति पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
मालूम हो कि इससे पहले भी रामविलास पासवान ने कहा था कि बिहार में लालू प्रसाद की राजद, नीतीश कुमार की जदयू और कांग्रेस के बीच हुआ महागठबंधन ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा और 2015 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही टूट जाएगा क्योंकि चुनाव से पहले उनमें सीट बंटवारे को लेकर लड़ाई होगी जिसके कारण वे अलग हो जाएंगे।" पासवान ने नीतीश कुमार और लालू यादव को 'जाति की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए आड़े हाथों लिया था।













Click it and Unblock the Notifications