पासवान को लगी मिर्ची, कहा आपस में ही लड़ मरेंगे नीतीश-लालू
भुवनेश्वर| अपने पुराने साथियों को एकसाथ मिलता देख केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान को लगता है मिर्ची लग गई है तभी तो उन्होंने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा है कि महामोर्चे की उम्र बहुत छोटी है।
झारखंड और कश्मीर चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को लेकर आश्वत दिखे केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने गुरुवार को कहा कि बिहार में लालू प्रसाद की राजद, नीतीश कुमार की जदयू और कांग्रेस के बीच हुआ महागठबंधन ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा और 2015 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही टूट जाएगा।"
उन्होंने कहा, "चुनाव से पहले उनमें सीट बंटवारे को लेकर लड़ाई होगी जिसके कारण वे अलग हो जाएंगे।" पासवान ने नीतीश कुमार और लालू यादव को 'जाति की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि उनका गठबंधन उनकी पार्टी के लिए कोई समस्या पैदा नहीं करेगा साथ ही उन्होंने बिहार में एलजेपी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मतभेदों की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी राजग के तत्वावधान में लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।
पासवान ने कहा, "नरेंद्र मोदी की लहर ने महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, अब यह बिहार में भी अपना करिश्मा दिखाएगी। हम राजग के तत्वावधान में चुनाव में उतरेंगे।"
मालूम हो कि लोकजनशक्ति पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ हाथ मिला दिया था जिसका इनाम उन्हें यह मिला कि पासवान को मोदी कैबिनेट ने मंत्रीमंडल में शामिल कर लिया।













Click it and Unblock the Notifications