'लालू ने जो बोया वो पाया', जानिए कोर्ट के फैसले के बाद किसने क्या कहा?
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक के बाद एक ट्वीट कर लालू पर जमकर निशाना साधा। लालू पर व्यंग्य करते हुए सुशील मोदी ने कहा कि बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय
नई दिल्ली। बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव अपना नया साल जेल में ही मनाएंगे। लालू प्रसाद यादव को दोषी करार दिए जाने के बाद पार्टी में मायूसी छा गई है। इसके साथ ही पार्टी नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और जांच एजेंसी सीबीआई पर बड़ा हमला बोला है। वहीं बीजेपी नेताओं का कहना है कि ये फैसला लालू के लिए सबक है उनको किए की सजा मिली है। आइये आपको बताते है लालू को दोषी करार दिए जाने पर किसने क्या कहा?

फैसला लालू के लिए सबक
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'यह फैसला मेरे लिए निजी तौर अहमियत रखता है। क्योंकि 90 के दशक में मैंने पटना हाईकोर्ट में दायर पीआईएल पर बहस की थी। तब बिहार सरकार ने सीबीआई जांच का जमकर विरोध किया था। आज लालू यादव के फैसले से एक सबक मिलता है कि अगर आपने भ्रष्टाचार किया तो कानून का शिकंजा जरूर कसेगा।' केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, 'कांग्रेस और लालू यादव के बीच भ्रष्टाचार का गठबंधन है। दोनों देश की जनता को धोखाधड़ी कर लूट रहे हैं। लालू कोर्ट के फैसले को मानने की बजाय बीजेपी पर साजिश का आरोप लगाकर इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।'वहीं राम विलास पासवान ने कहा कि लालू ने अपने साथ-साथ पूरे परिवार को डुबो दिया। राम विलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान ने कहा कि न्याय प्रक्रिया पर सवाल उठाना गलत है।

जो बोया वो पाया
चारा घोटाले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को रांची की एक विशेष सीबीआई अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक के बाद एक ट्वीट कर लालू पर जमकर निशाना साधा। लालू पर व्यंग्य करते हुए सुशील मोदी ने कहा कि बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय। सुशील मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'जो बोया वो पाया। बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय, यह तो होना ही था।

कांग्रेस नेता ने ये कहा
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, 'लालू यादव 1996 से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। यह तब शुरू हुई थी, जब कुछ बीजेपी नेताओं ने पटना हाईकोर्ट में पीआईएल फाइल की। लालू और उनके वकील केस लड़ने के लिए सक्षम हैं। मैं बीजेपी से पूछना चाहता हूं कि सृजन घोटाले की जांच क्यों नहीं कराई जा रही है।'

बिहार की राजनीति से एक अध्याय खत्म हुआ
जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा, 'मैं अदालत के फैसले का स्वागत करता हूं। देवघर के मामले में कई लोगों को सजा हो चुकी है। इनको होनी थी। बिहार में आज राजनीति का एक अध्याय खत्म हो रहा है। जेपी के आंदोलन से इनकी राजनीति शुरू हुई थी। कई चुनाव जीतने के बाद अब आरजेडी खत्म होने की ओर है।'












Click it and Unblock the Notifications