लालू ने कहा बूढ़ी गायों को बीजेपी नेताओं के घर बांधों, क्यों
लालू प्रसाद यादव ने तमाम कार्यकर्ताओ से दूध नहीं देने वाली बूढ़ी गायों को भाजपा नेताओं के घर ले जाने को कहा।
नई दिल्ली। लालू प्रसाद यादव ने बेहद अलग तरह से भाजपा पर पलटवार करने का रास्ता ढूंढा है, उन्होंने तमाम पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि उन तमाम गायों को इकट्ठा करिए जो दूध नहीं देती हैं और उनकी उम्र हो गई है, इन सारी गायों को एक साथ बांधकर भाजपा नेताओं के दरवाजे पर बांध आओ। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि वह उनके साथ क्या करते हैं, क्या भाजपा नेता इन गायों को जीवनभर पालेंगे और इन्हें खिलाएंगे, ऐसा करने से इन नेताओं की सोच भी लोगों के सामने आ जाएगी। लालू ने कहा कि पटना में पार्टी उम्रदराज गायों को भाजपा के दफ्तर के सामने छोड़कर आएगी।

27 अगस्त को करेंगे मेगा रैली
केंद्र में मोदी सरकार के खिलाफ आरजेडी मुखिया लालू प्रसाद यादव बड़ा बिगुल फूंकने की तैयारी में हैं। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि वह 27 अगस्त को पटना में मेगा रैली भाजपा हटाओ देश बचाओ का आयोजन करेंगे, जिसके जरिए भाजपा के कुशासन के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। इस अभियान के जरिए 2019 में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का बिगुल फूंका जाएगा।

सेक्युलर फैब्रिक खतरे में
आरएसएस और भाजपा के खिलाफ की रणनीति के बारे में लालू प्रसाद यादव ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने के लिए सभी सेक्युलर दलों को साथ आना चाहिए, हमने अभी इस सिलसिले में सिर्फ बात की है, लेकिन हमें सफलता तभी मिल सकती हैं अगर देशभर में एक बड़े अभियान की शुरुआत करें और इस अभियान की शुरुआत पटना से होगी। लालू ने कहा कि देश का सेक्युलर फैब्रिक खतरे में हैं, हमें भाजपा को किनारे करना होगा, यह पार्टी भ्रष्टाचार औऱ काला धन के मुद्दे को लेकर सत्ता में आई थी, लेकिन सीमा पर तनाव बढ़ा है, जवान शहीद हो रहे हैं और देश में असहिष्णुता बढ़ रही है।

देश में असहिष्णुता बढ़ रही
देश में सांप्रदायिक माहौल पर बोलते हुए लालू ने कहा कि हर तरफ असहिष्णुता बढ़ रही है, जो मुद्दे महत्व नहीं रखते हैं उन्हें हिंदुत्व के नाम पर आगे बढ़ाकर लोगों के भीतर नफरत पैदा की जा रही है, उन्होंने कहा कि अगर देश के सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ा जाएगा और लोगों के संवैधानिक अधिकारों को छीना जाएगा तो इसके क्या परिणाम होगा देश किस ओर जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नौकरी में आरक्षण की जरूरत के लिए कमीशन का गठन किया गया है वह सरकार की मनुवादी वर्ण व्यवस्था को दर्शाता है।

चारो धाम में भी हो आरक्षण
लालू प्रसाद यादव ने देश के चारो धाम में भी भी पीठाधीश को जातियों के आधार पर नियुक्त करने की बात कही, उन्होंने कहा कि एक पीठ में ओबीसी, दूसरे में दलित और तीसरे में अन्य पिछड़ी जाति के लोगों को जगह मिलनी चाहिए। लालू ने कहा कि अगर भाजपा को लगता है कि समाज के सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलना चाहिए तो उसे ऐसा करना चाहिए।

पीएम मोदी पर भी हुए हमलावर
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हमारे बीच गांधी, लोहिया, अंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर जैसे नेता नहीं है, ऐसे में देश के उन तमाम लोगों को आगे आना चाहिए जो इन नेताओं में भरोसा रखते हैं और देश की धर्मनिरपेक्ष छवि को बचाने के लिए एकजुट होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि जो व्यक्ति मायावती की अपने नेताओं के जमीन पर बैठाने को लेकर आलोचना करता था वह खुद अपनी पार्टी में वही कर रहा है। पार्टी के नेताओं को उन्होंने किनारे लगा दिया और खुद की सत्ता को स्थापित करना चाहते हैं, ऐसे तानाशाही सोच को किनारे लगाना अवश्य है।












Click it and Unblock the Notifications