लालू प्रसाद यादव को घर से बेघर करने की प्रक्रिया शुरू, पर कौन है बिग बॉस?
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। बिग बॉस का शो बेहद चर्चा में है, इस शो में आप आये दिन सुनते होंगे, "आपको घर से बेघर किया जाता है, घर से बेघर करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, घर से बेघर करने के लिये नॉमिनेशन प्रक्रिया...."। इसमें कोई शक नहीं कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अगर बिग बॉस देखते होंगे, तो टेंशन में आ जाते होंगे। जी हां क्योंकि उन्हें घर से बेघर करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेकिन सवाल यह उठता है कि लुटियन्स दिल्ली का बिग बॉस कौन है?

कहते हैं वक्त बदलते देर नहीं लगती। एक दौर में प्रधानमंत्री बनवाने में अहम भूमिका निभाने वाले राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को अब अपने राजधानी के सरकारी बंगले को खाली करना होगा। वे जिस बंगले में रहते है, उसमें रहने की मोहलत की अवधि 31 अक्तूबर को खत्म हो गई। हालांकि लालू के करीबियों का कहना है कि वे चाहते हैं कि 25 तुगलक रोड के उनके बंगले को उन्हें कुछ दिनो तक के लिए और आवंटित कर दिया जाए क्योंकि वे अस्वस्थ हैं।
मिले नायडू से
इस बाबत उनके परिवार वालों ने केन्द्रीय़ शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू से मुलाकात भी की है। हालांकि अभी तय नहीं है कि सरकार उन्हें उक्त बंगले में और समय तक रहने की इजाजत देगी। लालू प्रसाद टाइप-8 के 25 तुगलक रोड बंगले में रहते हैं। आपको याद होगा कि पिछले कुछ समय पहले पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह ने भी सरकारी बंगले में ही रहने का सरकार से आग्रह किया था, जिसे नहीं माना गया।
कौन है बिग बॉस?
हम आपको बता दें कि माननीयों को बंगले अलॉट करना, उनका रखरखाव और फिर समय सीमा समाप्त होने पर खाली कराने का काम शहरी विकास मंत्रालय का है। अब सवाल यह उठता है कि लालू समेत तमाम नेताओं को बेघर करने में जुटे मंत्रालय का असली बिग बॉस कौन है? जाहिर है हम सीधे-सीधे वैंकैया नायडू को बिग बॉस नहीं मान सकते, भाजपा के कई बड़े नेता हो सकते हैं, जो यहां पर बिग बॉस की भूमिका निभा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications