कोरोना टेस्ट के लिए लालू यादव का लिया जा सकता है सैंपल, इलाज कर रहे डॉक्टरों की भी होगी जांच
रांची। राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव भी कोरोना के चक्रव्यूह में फंस गए हैं। दरअसल रांची के रिम्स में भर्ती आरजेडी मुखिया का इलाज जो डॉक्टर कर रहे थे उनके वार्ड में भर्ती बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद रिम्स प्रबंधन और झारखंड का स्वास्थ्य विभाग सचेत हो गया है। रिम्स में डॉ उमेश प्रसाद लालू यादव का इलाज कर रहे हैं। अब इस डॉक्टर के साथ काम कर रहे सभी स्टाफ, नर्स और सभी सपोर्ट स्टाफ का सैंपल लिया जा रहा है।
Recommended Video

इसके अलावा इन्हें क्वारनटीन भी किया जाएगा। चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव रिम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती हैं। लालू यादव कई तरह की बीमारियों से पीड़ित हैं। रिम्स सुपरिटेंडेंट विवेक कश्यप ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो लालू प्रसाद यादव का भी सैंपल लिया जाएगा और कोरोना संक्रमण की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम किसी भी तरह का खतरा नहीं लेना चाहते हैं इसलिए पूरी तरह से एहतियात बरता जा रहा है।
बता दें कि राज्य में कोरोना संक्रमण की खबरें आने के बाद दिल, किडनी और डायबिटीज की बीमारियों से जूझ रहे लालू यादव अपने वार्ड में ही क्वारनटीन हो गए हैं। इसके अलावा विवेक कश्यप ने यह भी बताया कि जब से कोरोना का संक्रमण फैला है डॉक्टर लालू प्रसाद से सीधे संपर्क में नहीं आते हैं। दूर से ही दो तीन मिनट उनसे बीमारी के बारे में बातचीत करके लौट जाते हैं।
लालू यादव को नहीं मिला था पैरोल
अप्रैल के पहले सप्ताह में झारखंड के जेलों में कोरोना संक्रमण न फैले इसके लिए उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। बैठक में तय हुआ कि आर्थिक आपराधिक और सात साल से ज्यादा सजा वालों को पैरोल नहीं दी जाएगी। वहीं गंभीर आपराधिक मामलों को छोड़ सात साल की कम सजा वाले कैदियों की पैरोल का विरोध सरकार कोर्ट में नहीं करेगी।
उच्च स्तरीय बैठक के बाद लालू प्रसाद के पैरोल पर चल रहा संशय थम गया है। आर्थिक अपराध का आरोपी होने के कारण लालू प्रसाद को पैरोल नहीं मिला। बैठक में हाईकोर्ट के जस्टिस एससी मिश्रा, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, जेल आईजी शशि रंजन व डालसा के सचिव मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications