आम आदमी पार्टी में खालिस्तानियों का इन्वेस्ट, केजरीवाल उनके खिलाफ बोल ही नहीं सकते: कुमार विश्वास
नई दिल्ली, 19 फरवरी: दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थन का आरोप लगाने वाले कवि कुमार विश्वास ने एक बार फिर अपनी बात को दोहराया है। शनिवार को कुमार विश्वास ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल खालिस्तानियों के विरोध में नहीं बोल रहे हैं और उनकी बात को सच साबित कर रहे हैं। केजरीवाल खालिस्तानियों को नाराज नहीं कर सकते हैं।

आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे कुमार विश्वास ने कहा, अरविंद केजरीवाल यह नहीं कह रहे हैं कि वे खालिस्तानियों का विरोध करेंगे, वो आतंक के खिलाफ हैं। इसकी वजह ये है कि अगर वह ऐसा करते हैं, तो उनकी पार्टी में निवेश करने वाले यही लोग नाखुश होंगे। मैंने गुस्से में जो कहा था उस पर उसकी प्रतिक्रिया ने साबित कर दिया कि मैं सही था।
कुमार विश्वास ने ये भी कहा कि पंजाब में केजरीवाल सिख-हिन्दू विवाद पैदा करना चाहते हैं। ऐसे में पंजाब के लोग उससे संभल जाएं, अगर पंजाब के लोग चुनाव में केजरीवाल को मौका देते हैं तो वो राज्य को 1984 से पहले की स्थिति में ले जाएगा।
मैंने सुरक्षा नहीं मांगी
कुमार विश्वास को गृह मंत्रालय की ओर से वाय श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। बताया गया है कि कुमार विश्वास को इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा देने का फैसला गृह मंत्रालय ने लिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार ने कहा, मैंने आज तक कभी कोई सुरक्षा नहीं मांगी, ये सरकार की एजेंसियों का इनपुट है। इनपुट पर एक लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वो अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
क्य़ा है ये पूरा मामला
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। कुमार का कहना है कि केजरीवाल ने उनसे 2017 में कहा था कि वह पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के लिए अलगाववादियों का समर्थन लेने के लिए तैयार हैं। यही नहीं केजरीवाल ने यहां तक कहा था कि या तो वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर अलग देश खालिस्तान के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications