Kolkata Warehouse Fire : कोलकाता वेयरहाउस अग्निकांड में 8 की मौत, राख में तलाशे जा रहे 20 और लोग
Kolkata Warehouse Fire: पूर्वी कोलकाता के आनंदपुर इलाके में सोमवार तड़के एक वेयरहाउस कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग से हड़कंप मचा गया। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। 20 और लोगों के लापता होने की खबर है, जिसके लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। दमकल विभाग को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
अब तक सात झुलसे हुए शव बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार यह आग सुबह करीब 2.30 बजे नजीराबाद इलाके के एक वेयरहाउस में लगी थी। घनी आबादी वाले इलाके में अग्निकांड से अफरा तफरी का माहौल बन गया। आग लगने वाली जगह दक्षिण और पूर्वी कोलकाता को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों में से एक के करीब है।

Kolkata Fire: फैक्ट्री में मौजूद थे 28 मजदूर
- जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात डेकोरेटर्स यूनिट में 28 लोग रुके हुए थे, जबकि मोमो फैक्ट्री में तीन मजदूर मौजूद थे।
- लापता लोगों में ज्यादातर पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर जिलों के प्रवासी श्रमिक बताए जा रहे हैं। दमकल अधिकारियों ने बताया कि डेकोरेटर्स यूनिट में बड़ी मात्रा में थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी।
- आशंका जताई जा रही है कि सॉफ्ट ड्रिंक्स और पैकेटबंद खाद्य सामग्री का बड़ा स्टॉक आग को और भड़काने की वजह बना, जिससे आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।
- इस कॉम्प्लेक्स में एक डेकोरेटर्स यूनिट के साथ-साथ एक मशहूर मोमो चेन को सप्लाई करने वाली फैक्ट्री भी थी। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय अंदर कई मजदूर सो रहे थे, जो बाहर निकल नहीं सके।
Kolkata Warehouse Fire News: 22 दमकल गाड़ियां तैनात
आग की सूचना मिलते ही पहले 10 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए थे। आग इतनी भयानक थी कि अतिरिक्त 12 और दमकल गाड़ियां मंगानी पड़ीं। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। मलबा हटाने के लिए बुलडोजर की मदद ली जा रही है। एहतियातन पास के मजदूरों के मेस और एक रिहायशी मकान को खाली करा लिया गया है। पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
Kolkata Fire Update: परिवारों की बढ़ती बेचैनी
लापता मजदूरों के परिजन जले हुए वेयरहाउस के बाहर जमा हैं। पुलिस ने बताया कि वेयरहाउस के मालिकों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वेयरहाउस मालिकों ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी की है जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications