कितनी संपत्ति के मालिक हैं वर्ली सीट पर बंपर वोटों से जीतने वाले आदित्य ठाकरे
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में अगली सरकार किसकी बनेगी ये साफ हो चुका है। एक बार फिर से बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के मुकाबले शानदार प्रदर्शन किया है। जनता ने जहां एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताते हुए तय बहुमत से ज्यादा सीटें दी हैं। वहीं इस चुनाव में बीजेपी की सहयोगी शिवसेना का प्रदर्शन पिछली बार से काफी बढ़िया रहा। शिवसेना की सीटें तो बढ़ी ही हैं, साथ ही ये चुनाव इसलिए भी ऐतिहासिक हैं क्योंकि पहली बार ठाकरे परिवार से कोई सदस्य विधायक बना है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे की जीत से शिवसेना उत्साहित है, इस बीच पार्टी की ओर से सीएम पद की डिमांड भी हो रही है। इन सबके बीच आइये जानते हैं कितनी संपत्ति के मालिक हैं शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे।

वर्ली में 67427 वोटों से आदित्य ठाकरे ने दर्ज की बड़ी जीत
शिवसेना के यूथ विंग के अध्यक्ष और वर्ली सीट से विधायक चुने गए आदित्य ठाकरे के पास करीब 16 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। आदित्य ठाकरे के पास 11.38 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 4.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसके अलावा आदित्य ठाकरे के पास वर्तमान में 6.5 लाख रुपये की एक बीएमडब्ल्यू कार है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। ये सारी जानकारी आदित्य ठाकरे ने अपने चुनावी हलफनामे में दी है जो कि उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करते समय प्रस्तुत किया था।

16 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं आदित्य ठाकरे
चुनावी हलफनामे के अनुसार, आदित्य ठाकरे के पास 13,344 रुपये नकद हैं, करीब 10.36 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों में डिपॉजिट हैं। आदित्य ने बॉन्ड, डिबेंचर, शेयर मार्केट और म्यूचुअल फंड में भी 20.39 लाख रुपये का निवेश किया है। उनके पास सिर्फ एक गाड़ी है। ये बीएमडब्ल्यू कार है जिसे इसी साल खरीदा गया था और वर्तमान में इसकी कीमत 6.5 लाख रुपये है। यह कार 2010 में पहली बार पंजीकृत होने के बाद सेकंड-हैंड खरीदी गई है।

आदित्य के पास 11 करोड़ 38 लाख रुपये की चल संपत्ति
आदित्य ठाकरे के पास 64.65 लाख रुपये का सोना, आभूषण और अन्य कीमती सामान भी है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, आदित्य के पास कुल 11 करोड़ 38 लाख रुपये की चल संपत्ति है। वहीं अचल संपत्ति की बात करें तो आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पांच एग्रीकल्चरल प्लॉट के मालिक हैं। उनके पिता की ओर से सभी भूखंडों को उन्हें गिफ्ट के तौर पर दिया गया था और इन एग्रीकल्चरल प्लॉट का वर्तमान बाजार मूल्य 77.66 लाख रुपये है।

आदित्य ठाकरे के पास 4.67 करोड़ की अचल संपत्ति
आदित्य ठाकरे ठाणे जिले में दो वाणिज्यिक बिल्डिंग के भी मालिक हैं। दोनों इमारतों को उनकी मां ने उन्हें 'गिफ्ट' में दिया था और वर्तमान में इसकी कीमत करीब 3.89 करोड़ रुपये है। हलफनामे में आदित्य ठाकरे ने बताया कि उनके ऊपर ना तो कोई लोन है और ना ही कोई आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं वर्ली सीट से जीत के बाद आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि जनता ने मुझे इतने मार्जिन और इतने अधिक वोटों से अपना आशीर्वाद दिया है।
इसे भी पढ़ें:- VIDEO: महाराष्ट्र-हरियाणा के चुनाव नतीजों पर प्रियंका गांधी ने क्या कहा












Click it and Unblock the Notifications