सोनू सूद के इस कदम से खफा थीं उनकी वाइफ सोनाली, पंजाबी मुंडे को कैसे हुआ तेलुगु कुड़ी से प्यार
शादी के बाद जब सोनू सूद और सोनाली मुंबई आए तो दोनों को तीन अन्य कलाकारों के साथ एक कमरे का फ्लैट शेयर करना पड़ा...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संकट में अगर कोई खबर इन दिनों सुकून देने वाली है, तो वो खबर है प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बने सोनू सूद की। फिल्मों में ज्यादातर नेगेटिव किरदार निभाने वाले सोनू सूद इन दिनों रियल लाइफ में किसी हीरो की तरह प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। हजारों की संख्या में ऐसे प्रवासी मजदूर हैं, जो लॉकडाउन के चलते महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में फंस गए थे, लेकिन सोनू सूद की वजह से आज अपने घरों में अपने परिवार के बीच हैं। इन्हीं खबरों के बीच आइए जानते हैं सोनू सूद की पर्सनल लाइफ और लाइम लाइट से दूर रहने वाली उनकी पत्नी सोनाली के बारे में।

कॉलेज के दिनों में हुई दोनों की मुलाकात
बात 1990 की है, जब सोनू सूद के फिल्मी करियर की शुरुआत नहीं हुई थी और वो नागपुर के यशवंतराव चव्हाण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीई की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात नागपुर में ही एमबीए की पढ़ाई कर रहीं एक तेलुगु लड़की सोनाली से हुई। दोनों ने एक दूसरे को पसंद किया और 25 सितंबर 1996 को सोनू सूद की जिंदगी में आने वाली ये पहली और आखिरी लड़की उनकी जीवन संगिनी बनी। एक इंटरव्यू के दौरान सोनू सूद ने बताया था कि उनके फिल्मों में जाने के फैसले से सोनाली खुश नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हर कदम पर सोनू का साथ दिया, उन्हें सपोर्ट किया।

करियर के शुरुआती दौर में सोनाली ने किया सपोर्ट
सोनाली ने सोनू सूद के करियर के शुरुआती दौर में उन्हें कितना सपोर्ट किया, इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जब शादी के बाद दोनों मुंबई शिफ्ट हुए, तो उन्होंने स्ट्रगल कर रहे तीन अन्य कलाकारों के साथ एक रूम का फ्लैट शेयर किया। सोनू सूद ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया और बताया कि उनकी पत्नी ने कभी इसके बारे में कोई शिकायत नहीं की। सोनाली अक्सर सोनू सूद के साथ पार्टी और इवेंट्स में नजर आती हैं, लेकिन हमेशा लाइम लाइट से दूर रहती हैं। सोनू सूद और सोनाली के दो बेटे हैं- ईशान और अयान।
Recommended Video

कितनी संपत्ति के मालिक हैं सोनू सूद
1999 से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सोनू सूद फिल्मों के अलावा विज्ञापनों के जरिए भी कमाई करते हैं। 'रिपब्लिक वर्ल्ड' की खबर के मुताबिक, सोनू सूद करीब वर्तमान में 130.339 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। सोनू सूद का घर मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित लोखंडवाला के यमुना नगर में है। प्रवासी मजदूरों के लिए बसों की व्यवस्था करने के अलावा सोनू सूद ने पिछले दिनों जुहू में बने अपने होटल में डॉक्टरों, नर्सों और पैरा मेडिकल स्टाफ सहित स्वास्थ्य कर्मियों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी की थी।

हॉरर फिल्म अरुंधती से मिली सोनू को पहचान
तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और पंजाबी समेत हिंदी फिल्मों के जरिए सोनू सूद ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि सोनू सूद को असली पहचान मिली 2009 में तेलुगु भाषा में बनी हॉरर फिल्म अरुंधती से। इस फिल्म में उनके काम की काफी तारीफ की गई। इसके बाद कन्नड़ भाषा में बनी उनकी फिल्म विष्णुवर्धन ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इस फिल्म ने करीब 250 करोड़ रुपए की कमाई की। सलमान खान के साथ फिल्म दबंग में उनके नेगेटिव किरदार को भी काफी पंसद किया गया। अब अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर के साथ उनकी फिल्म पृथ्वीराज आने वाली है, जिसका निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है।

प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए दिन-रात जुटे हैं सोनू
आपको बता दें कि कोरोन वायरस की महामारी के कारण देशभर में लॉकडाउन लगाया गया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया। इसके बाद प्रवासी मजदूर पैदल ही अपने-अपने घरों के लिए निकल पड़े थे। ऐसे मुश्किल हालात में सोनू सूद ने प्रवासी मजदूरों के लिए बसों की व्यवस्था की और उन्हें उनके घर भेजना शुरू किया। बसों की व्यवस्था करते हुए सोनू सूद ने कहा कि मेरा मानना है कि वर्तमान समय में जब हम सभी इस वैश्विक स्वास्थ्य आपदा का सामना कर रहे हैं तो प्रत्येक भारतीय को अपने परिवार और प्रियजनों के साथ रहना चाहिए और वह इसका हकदार भी है।












Click it and Unblock the Notifications