नारकोटिक्स जिहाद मामले में केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन का बयान, केरल की स्थिति वाकई चिंताजनक है
नई दिल्ली, सितंबर 19। नारकोटिक्स जिहाद (Narcotics Jihad) के मुद्दे पर इन दिनों केरल की सियासत काफी गर्माई हुई है। दरअसल, केरल के पलाई इलाके के सीरियन मालाबार कैथोलिक चर्च के पादरी जोसेफ कल्लारंगट ने कुछ मुस्लिम आतंकी संगठनों पर राज्य के अंदर नारकोटिक्स जिहाद को करने का आरोप लगाया था। इसके बाद केरल की सीपीएम सरकार ने भी अपने पार्टी नोट में भी इस बात को स्वीकार किया कि राज्य के प्रोफेशनल कॉलेजों में युवाओं को आतंक के रास्त पर ले जाने की कोशिशें की जा रही है। इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि केरल की वास्तविक स्थिति इस वक्त बहुत ही चिंताजनक है।

गृह मंत्रालय को जानकारी उपलब्ध कराए केरल सरकार- केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन का कहना है कि इससे पहले भी कई लोग ये राय व्यक्त कर चुके हैं कि देश के अंदर होने वाली तमाम आतंकी घटनाओं का सीधा संबंध केरल से होता है, मैं तो हैरान हूं कि अगर राज्य सरकार के पास इतनी जानकारी है तो फिर उन्होंने गृह मंत्रालय को इस बारे में क्यों कुछ नहीं बताया है। वी मुरलीधरन ने कहा कि इस मामले में बिशप से मिलना और उनसे बात करना काफी नहीं होगा। सरकार को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए थी। मुझे नहीं पता कि गृह मंत्रालय के पास वह जानकारी है जिसका वर्णन सीपीएम ने अपने पार्टी नोट में किया है, इसलिए राज्य सरकार केंद्र को ये जानकारी सौंपे।
बिशप ने लगाए थे ये आरोप
आपको बता दें कि केरल की सियासत में नारकोटिक्स जिहाद का मामला सीरियन मालाबार कैथोलिक चर्च के पादरी जोसेफ कल्लारंगट के आरोप के बाद उठा है। उन्होंने कुछ मुस्लिम आतंकी संगठनों पर नारकोटिक्स जिहाद (Narcotics Jihad) का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आतंकी संगठन सार्वजनिक स्थानों, जैसे स्कूल, कॉलेज, टी स्टाल और आइसक्रीम पार्लर पर एक्टिव हैं और युवाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग गैर मुस्लिम युवाओं को आतंकी गतिविधियों में शामिल कर रहे हैं। इतना ही नहीं ये लोग ईसाई लड़कियों को भी लव जिहाद का निशाना बना रहे हैं।
केरल सरकार ने पार्टी नोट में स्वीकारी थी ये बातें
पादरी के इन आरोपों के बाद केरल सरकार ने अपने पार्टी नोट में इन आरोपों को स्वीकार किया था और कहा था कि प्रोफेशनल कॉलेजों में ना सिर्फ युवा लड़कों को बल्कि लड़कियों को भी आतंकवाद की तरफ आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है। नोट में ये मांग की गई थी कि पार्टी के सदस्य इस मामले पर विशेष ध्यान दें। नोट में कहा गया था कि चरमपंथी सभी मुस्लिम संगठनों में घुसपैठ करने और समस्याएं पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications