Kerala Local Body Polls: जहां गरमाया था वक्फ मुद्दा, वहीं BJP को मिली रिकॉर्डतोड़ जीत, क्या हैं इसके मायने
Kerala Local Body Polls Result 2025: केरल के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे महज सीटों के गणित तक सीमित नहीं रहे। इसने राज्य की राजनीति में उन गहरे सामाजिक और कानूनी मुद्दों को सतह पर ला दिया है, जो आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा और राजनीतिक विमर्श को निर्णायक रूप से प्रभावित कर सकते हैं।
एक ओर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) ने अपने पारंपरिक गढ़ों में पकड़ बनाए रखी, वहीं कांग्रेस ने भी कई इलाकों में मजबूत मुकाबला पेश किया। लेकिन इन सबके बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए यह चुनाव खास तौर पर राजनीतिक संकेतों से भरा हुआ माना जा रहा है।

बीजेपी की सबसे बड़ी नजर एर्नाकुलम जिले के मुनंबम इलाके पर टिकी रही, जहां नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) को मिली जीत को पार्टी नेतृत्व "राजनीतिक और सामाजिक टर्निंग पॉइंट" के तौर पर पेश कर रहा है। बीजेपी के केरल महासचिव अनूप एंटनी जोसेफ ने मुनंबम वार्ड में NDA की जीत को न सिर्फ ऐतिहासिक बताया, बल्कि इसे केरल की राजनीति में बदलते सामाजिक समीकरणों का संकेत भी करार दिया।
BJP की जीत के क्या हैं मायने?
मुनंबम का चुनावी परिणाम केवल स्थानीय प्रशासन या वार्ड स्तर की जीत नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके पीछे वक्फ भूमि विवाद जैसा संवेदनशील और लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा है। बीजेपी नेताओं का दावा है कि मुनंबम क्षेत्र में बड़ी संख्या में ईसाई परिवार वक्फ बोर्ड के कथित अवैध दावों की वजह से अपने घरों और जमीनों से बेदखली के खतरे का सामना कर रहे थे।
अनूप एंटनी जोसेफ के अनुसार, इस इलाके में करीब 500 ईसाई परिवार ऐसे हैं, जिनकी संपत्तियों पर वक्फ बोर्ड के दावों ने वर्षों से अनिश्चितता पैदा कर रखी थी। बीजेपी का आरोप है कि इस मुद्दे पर न तो राज्य सरकार ने स्पष्ट रुख अपनाया और न ही प्रभावित परिवारों को समय पर न्याय मिला।
बीजेपी का कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार और पार्टी नेतृत्व ने इस विवाद में खुलकर पीड़ित परिवारों का साथ दिया। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इसी वजह से स्थानीय लोगों ने निकाय चुनाव में NDA को समर्थन देकर अपना भरोसा जताया।
सात दशक पुराना है वक्फ विवाद
मुनंबम वक्फ विवाद कोई नया मामला नहीं है। इसकी जड़ें करीब सात दशक पुरानी बताई जाती हैं। वर्ष 1950 में सिद्दीकी सैत नामक व्यक्ति ने यह जमीन फरीद कॉलेज को दान की थी। बाद के वर्षों में कॉलेज प्रशासन ने इस भूमि के कुछ हिस्सों को स्थानीय निवासियों को बेच दिया, जबकि कई इलाकों में लोग पहले से ही दशकों से रह रहे थे।
हालात तब गंभीर हुए जब 2019 में केरल वक्फ बोर्ड ने इस पूरी जमीन को वक्फ संपत्ति के रूप में रजिस्टर कर दिया। इसके चलते पहले हुए जमीन सौदे अमान्य माने जाने लगे और सैकड़ों परिवारों के सामने अपने ही घरों से बेदखली का खतरा खड़ा हो गया। यहीं से यह मामला केवल कानूनी नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बन गया।
410 दिनों से ज्यादा चला आंदोलन
वक्फ बोर्ड के फैसले के खिलाफ मुनंबम और चेराई इलाकों में 410 दिनों से अधिक समय तक लगातार आंदोलन चला। प्रभावित परिवारों ने कोझिकोड स्थित वक्फ ट्रिब्यूनल का दरवाजा खटखटाया। वहीं, बढ़ते दबाव के बीच राज्य सरकार ने जमीन के स्वामित्व और वक्फ दावों की जांच के लिए सीएन रामचंद्रन नायर आयोग का गठन किया।
हालांकि, 2025 में केरल हाई कोर्ट की एकल पीठ ने इस आयोग को रद्द कर दिया, जिससे प्रभावित परिवारों में फिर से चिंता बढ़ गई। लेकिन बाद में हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने आयोग को बहाल करते हुए 2019 के वक्फ रजिस्ट्रेशन को "कानून के अनुरूप नहीं" बताया। इस फैसले से परिवारों को आंशिक राहत जरूर मिली, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
बीजेपी की रणनीति का क्या है नैरेटिव?
बीजेपी अब इस पूरे विवाद को "न्याय बनाम अन्याय" की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है। पार्टी का दावा है कि मुनंबम में मिली जीत इस बात का संकेत है कि केरल में ईसाई समुदाय के एक वर्ग के बीच बीजेपी के प्रति भरोसा बढ़ रहा है।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह जीत भले ही संख्यात्मक रूप से सीमित हो, लेकिन इसका प्रतीकात्मक महत्व कहीं ज्यादा बड़ा है। पार्टी इसे केरल में अपने लिए एक नए सामाजिक आधार के उभरने के संकेत के तौर पर देख रही है, जहां अब तक एलडीएफ और यूडीएफ का वर्चस्व रहा है।
आगे की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनावों से पहले मुनंबम की जीत को बीजेपी केरल में अपने लिए नई राजनीतिक जमीन तैयार होने के संकेत के रूप में देख रही है, जबकि लेफ्ट और कांग्रेस दोनों ही इस बदले सियासी माहौल को सतर्कता से परखने में जुटे हैं। सवाल यही है कि क्या यह जीत एक अपवाद बनकर रह जाएगी या केरल की राजनीति में किसी बड़े बदलाव की शुरुआत साबित होगी इसका जवाब आने वाले चुनाव ही देंगे।












Click it and Unblock the Notifications