RSS को सबरीमाला को दूसरी अयोध्या नहीं बनाने देंगे, केरल के सीएम का बयान
नई दिल्ली। सबरीमाला में हर आयुवर्ग की महिलाओं के प्रवेश को लेकर मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंदिर के आसपास पुलिसबल की तैनाती के केरल सरकार के फैसले का बीजेपी और आरएसएस ने जमकर विरोध किया है तो वहीं, केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने भी आरएसएस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आरएसएस को सबरीमाला को दूसरी अयोध्या नहीं बनाने देंगे।

केरल के मुख्यमंत्री ने कहा कि सबरीमाला के नाम पर राज्य को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। इसका फायदा उठाने की कोशिश भाजपा के नेता और मंत्री कर रहे हैं। सबरीमाला में किसी को भी अशांति फैलाने या उपद्रव की अनुमति सरकार नहीं देगी। उन्होंने मंदिर के बाहर पुलिसबल की तैनाती को जायज ठहराते हुए कहा कि इस कारण वहां हालात काबू में हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसबल की तैनाती सबरीमाला में जारी रहेगी।
रविवार की रात 100 के करीब श्रद्धालुओं की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीएम आवास का घेराव करने निकल पड़े थे जिन्हें रास्ते में पुलिस ने रोका था। वहीं, एक याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने केरल सरकार को फटकार लगाई थी और पूछा था कि आखिर 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की क्या जरूरत थी।












Click it and Unblock the Notifications