टुकड़े-टुकड़े गैंग को बचाते हैं केजरीवाल, गरीब और गांव का सबसे ज्यादा किया नुकसान: अमित शाह
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन देखा जा रहा है। इस बीच आज देश के गृहमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डीडीए द्वारा बनाए जाने वाले साइकिल ट्रैक का शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना साधा और 'टुकड़े-टुकड़े गैंग को समर्थन' देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, 'भारत विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों को सलाखों के पीछे डाला जाना चाहिए या नहीं? लेकिन केजरीवाल (दिल्ली के सीएम) पुलिस को मुकदमा चलाने की मंजूरी नहीं दे रहे हैं।'
अमित शाह ने कहा, 'दिल्ली में एक साईकिल वॉक की कल्पना की गई है। ये योजना जब जमीन में उतरेगी तो मुझे भरोसा है कि दिल्ली में प्रदूषण कम से कम 20 फीसदी कम हो जाएगा। जब दिल्ली के ये नए रास्ते पर 50 लाख से ज्यादा यात्री साईकिल पर जाते होंगे तो साईकिल चलाना ही फैशन होने वाला है।'
उन्होंने आप सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, 'दिल्ली में आप पार्टी की सरकार ने सबसे ज्यादा दिल्ली के गरीब और गांव का नुकसान किया है। मोहल्ला क्लीनिक खोलकर आप पार्टी ने लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम किया है। मोदी जी जो आयुष्मान भारत योजना लाए हैं, उसे केजरीवाल जी अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण इस योजना का लाभ गरीब को मिलने नहीं दे रहे हैं। इसका जवाब इस चुनाव में गरीब जनता आपसे मांगने वाली है।'
गृहमंत्री ने कहा, 'केजरीवाल जी आपके मन में भय है कि अगर आयुष्मान योजना दिल्ली में चालू हो गई तो दिल्ली की जनता और मोदी जी के बीच में जुड़ाव आ जाएगा। केजरीवाल जी मैं बता दूं कि आप गलत सोच रहे हो, जुड़ाव हो चुका है और दिल्ली की जनता मोदी जी के साथ है। केजरीवाल जी आपने दिल्ली के विकास के लिए 15 लाख सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे जिसको आज भी दिल्ली की जनता ढूंढ रही है कि कहां हैं?'
अमित शाह ने आगे कहा, 'दिल्ली में पांच साल की जगह पांच महीने की सरकार चली। पांच साल में केजरीवाल सरकार ने कुछ नहीं किया बस पांच महीने में विज्ञापन देकर दिल्ली की जनता की आंख में धूल झोंकने का काम किया। आज मैं दिल्ली के झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों से कहता हूं कि आप चिंता मत करिए जहां झुग्गी है वहीं मकान देने का काम नरेंद्र मोदी जी करने वाले हैं।'
उन्होंने कहा, 'एक पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू हो गया है, 20 हजार झुग्गियों को मकान देने की शुरुआत हो गई है। कांग्रेस खासतौर पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी देश के अल्पसंख्यकों को गुमराह कर रहे हैं। सीएए के तहत किसी की भी नागरिकता नहीं जाने वाली, ये नागरिकता देने वाला कानून है। देश में हुए दंगों के लिए ये पार्टिंया जिम्मेदार हैं।'












Click it and Unblock the Notifications