तेलंगाना चुनाव के पहले केसीआर की बढ़ी मुश्किल, कामारेड्डी के आठ गांव के किसानों ने बनाया ये मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव कामारेड्डी से चुनाव लड़ रहे हैं, यहां की नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले आठ गांवों के किसानों ने केसीआर को घेरने का निर्णय लिया है। किसान कामारेड्डी नगर पालिका ड्राफ्ट मास्टर प्लान को रद्द करने की मांग के साथ कामारेड्डी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में 100 नामांकन दाखिल करके केसीआर की मुश्किल बढ़ा सकते हैं।

मंगलवार को लिंगपुर गांव के किसानों ने कहा कि सरकार ने जगतियाल मास्टर प्लान को खत्म कर दिया है, लेकिन कामारेड्डी योजना को रोक रखा है। उन्हें आशंका है कि चुनाव के बाद सरकार मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को मंजूरी दे देगी। कामारेड्डी से केसीआर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए किसान अपने हाथ से ये मौका जाने नहीं देना चाहते हैं। कामारेड्डी के लिए मास्टर प्लान के मसौदे को रद्द करने के केटीआर के वादे को किसानों ने याद दिलाया है।
किसानों ने मांग की है कि राज्यपाल को आने वाले दिनों में मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को रद्द करना चाहिए। इसके साथ ही किसानों ने चेतावनी दी है कि मास्टर प्लान रद्द करने की मंगा अगर नहीं मानी गई तो बड़ी संख्या में किसान कामारेड्डी के लिए सामूहिक रूप से नामांकन दाखिल करेंगे,जहां से केसीआर चुनाव लड़ रहे हैं।
किसानों ने कहा हर गांव के 15 किसान कामारेड्डी विधानसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। किसानों को उम्मीद है कि इस तरह से विरोध करने से उनकी मांग जल्द पूरी होगी।
वहीं कामारेड्डी ड्राफ्ट मास्टर प्लान मुद्दे को भाजपा नेता के वेंकट रमण रेड्डी ने केंद्र में लाया है। भााजपा ने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया है। इसके साथ ही एक बैठक में कामारेड्डी मसौदा प्रस्ताव को रद्द करने और समाज के सभी वर्गों को विश्वास में लेकर एक नया मसौदा के प्रपोजल बनाने की बात कही है।









Click it and Unblock the Notifications