Karnataka में अगले तीन दिन भारी बारिश का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, बेंगलुरू में कैसा रहेगा मौसम?
Karnataka Weather Update: कर्नाटक के तटीय जिलों में मानसून की भारी बारिश का कहर जारी है। इसके साथ ही मौसम विभाग (IMD ने कर्नाटक के कई हिस्सों में आगामी दिनों में 'ऑरेंज अलर्ट' और रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के तटीय जिलों के साथ-साथ दक्षिणी आंतरिक और उत्तरी आंतरिक क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
IMD द्वारा जारी मूसलाधार बारिश की गंभीर चेतावनी के मद्देनजर दक्षिण कन्नड़ जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों में शुक्रवार से ही एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कर्नाटक में क्यों जारी किया गया अलर्ट?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से दक्षिण भारत के मौसम में यह अचानक बदलाव आया है। इसका सीधा असर कर्नाटक के तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों पर देखने को मिल रहा है, जहां तेज हवाओं के साथ सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की जा रही है।
तटीय कर्नाटक में 'रेड अलर्ट'
कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का संकट बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 5 से 7 जुलाई के दौरान उत्तर कन्नड़, उडुपी और दक्षिण कन्नड़ जैसे प्रमुख तटीय जिलों में भयंकर मूसलाधार बारिश होने की आशंका है, जिसके लिए विभाग ने 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इन दिनों में प्रभावित क्षेत्रों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
तटीय क्षेत्रों के अलावा कर्नाटक के पहाड़ी जिलों पर भी मौसम की मार पड़ने वाली है। शिवमोग्गा, चिकमगलूर, हसन, कोडागु और मैसूर जैसे मालनाड क्षेत्रों में 5 से 7 जुलाई के बीच तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक के जिलों जैसे बेलगावी, धारवाड़, हावेरी और कलबुर्गी में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बौछारें पड़ने की उम्मीद है। इन इलाकों में बिजली गिरने की घटनाओं के प्रति चेतावनी जारी की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे आंधी-तूफान के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
समुद्री इलाकों में मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जाएं, क्योंकि तेज हवाओं के चलते समुद्र में ऊंची लहरें उठने और अशांत स्थिति रहने की संभावना है
बेंगलुरु में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और उसके आसपास के इलाकों जैसे बेंगलुरु शहरी, ग्रामीण और रामनगर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी में लगातार हो रही बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं, जिससे दिन के समय भी धुंध सी छाई रहेगी। बेंगलुरु शहरी और ग्रामीण जिलों में भी 8 जुलाई तक लगातार मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।













Click it and Unblock the Notifications