Mumbai Rain Alert: मुंबई में नहीं थमने वाली बारिश! अगले 72 घंटे के लिए IMD का रेड अलर्ट जारी

Mumbai Rain Alert: महाराष्ट्र में बारिश का दौर लगातार जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 जुलाई तक तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।

इसी को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ समेत कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।इसके अलावा नासिक, पुणे और सातारा के घाट इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

mumbai-rain-update-imd-issue-red-alert-

मौसम विभाग का कहना है कि कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसलिए लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

मुंबई में लगातार तीसरे दिन बारिश का कहर जारी

मुंबई में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मरीन ड्राइव समेत कई हिस्सों में बारिश का असर साफ दिखाई दिया। बारिश की वजह से कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। लोगों को ऑफिस और दूसरे कामों के लिए निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

तीन दिन में रिकॉर्ड बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में पिछले तीन दिनों में अच्छी बारिश हुई है। कुलाबा मौसम केंद्र में तीन दिनों के दौरान करीब 339.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सांताक्रूज मौसम केंद्र में इसी अवधि में करीब 401.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इतनी बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

गौरतलब हो कि इस साल जून महीने में मुंबई में सामान्य से कम बारिश हुई थी। लेकिन जुलाई की शुरुआत में हुई लगातार बारिश ने यह कमी पूरी कर दी। 1 जून से 3 जुलाई तक मुंबई शहर में 780.7 मिमी और उपनगरों में 819.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अब दोनों जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

इतनी तेज बारिश क्यों हो रही है?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, महाराष्ट्र और कर्नाटक के समुद्री तट के पास एक द्रोणी (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र भी मजबूत हो रहा है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के कारण अरब सागर से लगातार नमी आ रही है। यही वजह है कि कोंकण क्षेत्र और घाट वाले इलाकों में तेज बारिश हो रही है।

रायगढ़ में नदियां उफान पर,कई सड़कें पानी में डूबीं

रायगढ़ जिले में लगातार बारिश के कारण हालात गंभीर होते जा रहे हैं। अंबा नदी खतरे के निशान तक पहुंच गई है। वहीं कुंडलिका नदी चेतावनी स्तर को पार कर चुकी है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए भी कहा गया है।

मुंबई-गोवा हाईवे पर कई जगह पानी भर गया है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। अलीबाग शहर के कई निचले इलाकों में भी पानी जमा हो गया है। पीएनपी नगर, तलकर नगर और रेवस बायपास जैसी सड़कें पानी में डूब गई हैं। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।

आंबेनली घाट 7 जुलाई तक बंद, सतारा-रत्नागिरी के कई पर्यटन स्थल पर न जाने की चेतावनी

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार की एक टीम रत्नागिरी पहुंची है। यह टीम मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौजूद प्रमुख घाटों की जांच कर रही है। इनमें परशुराम घाट, कशेड़ी घाट और वरंधा घाट शामिल हैं। टीम यह देख रही है कि लगातार बारिश के बीच सड़कें कितनी सुरक्षित हैं और कहां सुधार की जरूरत है।

भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए आंबेनली घाट को 3 जुलाई से 7 जुलाई तक सभी तरह के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। रायगढ़ के जिलाधिकारी ने यह आदेश यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया है। लगातार दरकती पहाड़ियों और गिरते पत्थरों के कारण यह फैसला लिया गया है।

लोगों के लिए क्या सलाह?

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। नदी, नाले और समुद्र के किनारे जाने से बचें। जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतें।

यदि प्रशासन की ओर से सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए जाएं तो उनका पालन करें। मौसम विभाग का कहना है कि 7 जुलाई तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, इसलिए अगले कुछ दिन लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+