बेंगलुरु में बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026: वैश्विक टेक कंपनियों ने बिहार में निवेश में दिखाई गहरी दिलचस्पी
बेंगलुरु में 2026 के बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट में बिहार को एक प्रमुख डिजिटल अर्थव्यवस्था हब के रूप में विकसित करने की योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। इसमें आईटी नीति 2024 और जीसीसी नीति 2026 पर प्रकाश डाला गया, जिसका उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, कुशल नौकरियां पैदा करना और वैश्विक फर्मों और स्टार्टअप के साथ मजबूत साझेदारी स्थापित करना है।
बिहार सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी विभाग राज्य को देश के प्रमुख डिजिटल और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में बेंगलुरु में आयोजित 'बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026' में देश-विदेश की अग्रणी टेक कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) लीडर्स, स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटल फर्मों और उद्योग विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार में निवेश आकर्षित करना, वैश्विक कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना और राज्य को डिजिटल अर्थव्यवस्था के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करना था।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल निवेश लाना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां नवाचार, उद्योग और युवाओं की प्रतिभा साथ मिलकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 बड़े निवेश आकर्षित करने, गुणवत्तापूर्ण रोजगार सृजित करने और बिहार को वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने निवेशकों को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और आधुनिक औद्योगिक एवं डिजिटल अवसंरचना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डीपटेक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में बिहार को राष्ट्रीय स्तर का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
वैश्विक कंपनियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठकें
कार्यक्रम के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स कीं। Quess Corp के साथ रोजगार सृजन, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं Adobe, Mercedes-Benz, XLR Partners और Brandscapes Worldwide सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बिहार में डिजिटल निवेश, अनुसंधान एवं नवाचार तथा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठकों के दौरान बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और GCC पॉलिसी 2026 का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें राज्य की निवेश संभावनाओं, उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत डिजिटल अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी गई।
उद्योग-अनुकूल माहौल पर सरकार का भरोसा
अभय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार तेजी से ऐसे राज्य के रूप में उभर रहा है, जहां उद्योगों को अनुकूल वातावरण, विशाल युवा प्रतिभा और सरकार की स्पष्ट नीतिगत प्रतिबद्धता निवेश के नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग जगत के साथ सतत संवाद और साझेदारी की नीति पर विश्वास करती है तथा निवेशकों को पारदर्शी, सरल और प्रतिस्पर्धी कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आईटी, एआई और इलेक्ट्रॉनिक्स में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
सम्मेलन में Quess Corp, Honeywell, Adobe, Mphasis, Oracle, Salesforce, Razorpay, MyGate, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, RuralShores Business Services और Quodeck.ai सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) की स्थापना, आईटी पार्कों का विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधान, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, स्टार्टअप इकोसिस्टम, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर चर्चा हुई।
बिहार के डिजिटल विजन को मिला उद्योग जगत का समर्थन
उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों, निवेश प्रोत्साहन उपायों तथा तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने राज्य की युवा प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों को निवेश के लिए अनुकूल बताते हुए बिहार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई। बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 ने यह संकेत दिया है कि बिहार अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि प्रौद्योगिकी, नवाचार, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और डिजिटल निवेश का तेजी से उभरता राष्ट्रीय केंद्र बनता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications