कर्नाटक में तीन दिन से जारी परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, कल से चलेंगी बसें
नई दिल्ली। कर्नाटक में तीन दिन से चल रही राज्य परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। सोमवार से राज्य में एक बार फिर से बस सेवा शुरू हो जाएगी। कर्नाटक के डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री लक्ष्मण सावदी ने रविवार शाम को बताया है कि केसीआरटीसी और बीएसटीसी की यूनियनों और संघों के साथ बैठक के बाद कर्मचारी हड़ताल समाप्त करने के लिए तैयार हो गए हैं। राज्य में बस सेवाएं कल से फिर से शुरू हो जाएंगी।

कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) और बेंगलुरु मेट्रोपोलियन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BMTC) के कर्मचारी गुरुवार से हड़ताल पर थे। जिसके चलते पिछले तीन दिनों से राज्य में सरकारी बसें नहीं चल रही थीं। तीन दिन से सरकार और कर्मचारियों के बीच कोई हल नहीं निकल पा रहा था लेकिन रविवार शाम को कर्नाटक सरकार कर्मचारियों को मनाने में कामयाब रही।
बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम, कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम, उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम और उत्तर पूर्वी कर्नाटक सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों की मांग है कि उनका वेतन राज्य सरकार के कर्मचारियों के बराबर किया जाए तथा कोरोना वायरस से मौत होने की स्थिति में उन्हें कोविड योद्धाओं को मिलने वाले मुआवजे के बराबर राशि दी जाए। इसी को लेकर सरकार और कर्मचारियों के बीच बातचीत चल रही था।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने कहा था कि सरकार बातचीत कर गतिरोध दूर करने के लिए तैयार है, लेकिन कर्मचारियों को काम पर वापस आना चाहिए। सरकार की ओर से हड़ताल खत्म ना होने पर निजी ऑपरेटरों को तैनात करने की व्यवस्था करने की भी बात कही गई थी।










Click it and Unblock the Notifications