कुमारस्वामी ने बताया, नतीजों के बाद गुलाम नबी आजाद ने फोन कर क्या कहा
कुमारस्वामी ने बताया, नतीजों के बाद गुलाम नबी आजाद ने फोन कर क्या कहा था
नई दिल्ली। कर्नाटक के होने वाले मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बताया है कि किस तरह के नतीजों के बाद उनकी कांग्रेस नेताओं से बात हुई। जिसके बाद समर्थन और उनके सीएम बनने को लेकर चर्चा हुई। कर्नाटक में कांग्रेस के सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे और अशोक गहलोत मतगणना से पहले से ही वहां थे। त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति गुलाम नबी आजाद ने ही सबसे पहले कुमारस्वामी को फोन किया और उन्हें मुख्यमंत्री बनने का ऑफर दिया। उस फोन कॉल के बारे में कुमारस्वामी ने खुद बताया है।

आजाद ने कहा, फौरन जवाब दीजिए
कुमारस्वामी ने बताया कि उनके पास गुलाम नबी आजाद का फोन आया और उनसे कहा कि कांग्रेस ने जेडीएस को समर्थन का फैसला किया है। ये समर्थन बिना शर्त रहेगा और मुख्यमंत्री जेडीएस का बने। आजाद ने कहा कि अब आप जवाब दीजिए कि आपको ये कुबूल है या नहीं। इस पर कुमारस्वामी ने कहा कि उनको कुछ समय दीजिए ताकि वो सलाह-मशविरा कर सकें। इस पर आजाद ने कहा कि ज्यादा समय मत लीजिए। हां या ना में जल्दी जवाब दे दीजिए।

पिता देवगौड़ा से पूछा और कह दिया कांग्रेस को हां
कुमारस्वामी ने बताया कि उन्होंने गुलाम नबी आजाद से कुछ देर में जवाब देने की बात कह, अपने पिता पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा से बात की। इसके बाद पार्टी के सीनियर नेताओं से बात की और कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का फैसला किया गया। इसके बाद दोनों पार्टियों के नेता मीडिया के सामने साथ में आए और गठबंधन का ऐलान किया। कुमारस्वामी ने बताया कि इसके बाद कांग्रेस के समर्थन से उन्होंने राज्यपाल से मिल सरकार बनाने का दावा पेश किया।

बुधवार को लेंगे शपथ
जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी बुधवार को कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। जिसके बाद गुरुवार को वो विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से वो आसानी से बहुमत हासिल कर लेंगे। दोनों पार्टियों में उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट में किसे-कौन सा मंत्रालय दिया जाए, इसपर चर्चा चल रही है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष जी परमेश्वर ने इशारा किया है कि कि सरकार में दो उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications