हिजाब विवाद: उडुपी BJP विधायक ने की NIA से जांच की मांग, बताया अंतरराष्ट्रीय साजिश
उडुपी, 13 फरवरी: कर्नाटक से पूरे देश में गर्माया हुए हिजाब विवाद की शुरुआत उडुपी के कॉलेजों से हुई थी, जब जनवरी में उडुपी और चिक्कमगलुरु में मुस्लिम छात्राओं ने सिर पर दुपट्टा यानी हिजाब पहनकर कॉलेज की क्लास में हिस्सा लेना शुरू कर दिया, जिसके विरोध में दूसरे लड़के भगवा गमछा डालकर कॉलेज पहुंचे। धीरे-धीरे यह विवाद पूरे राज्य में फैल गया और अब इसकी गूंज देश के कई हिस्सों में सुनाई दे रही है। वहीं अब इस मामले में उडुपी से भाजपा विधायक रघुपति भट का बड़ा बयान आया है।

मामले को लेकर एनआईए जांच की मांग
हिजाब विवाद मामले में उडुपी विधायक ने कहा कि मैंने एनआईए जांच की मांग की है, क्योंकि यह एक अंतरराष्ट्रीय साजिश है। पाकिस्तान के अलावा कोई मुस्लिम देश हमारे खिलाफ नहीं है। उडुपी में हिजाब पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है। यह उनका धार्मिक अधिकार है, लेकिन स्कूलों में ड्रेस का पालन करना चाहिए।
उडुपी जिले में धारा 144 लागू
इधर, कर्नाटक में बढ़ते विवाद के बीच उडुपी जिले में धारा 144 लगा दी गई है। 14 फरवरी की सुबह 6 बजे से 19 फरवरी की शाम 6 बजे तक धारा 144 लागू रहेगी। वहीं इससे पहले उडुपी बीजेपी विधायक के रघुपति भट ने बताया था कि इस विवाद के बाद उनको धमकी भरे फोन कॉल मिल रहे हैं।
विधायक को मिल रही धमकी
शुक्रवार को बीजेपी विधायक ने कहा था इंटरनेट कॉल के जरिए लगातार धमकी मिल रही है, जो ज्यादातर विदेशों से हैं। बता दें कि भट उडुपी के पीयू कॉलेज की विकास समिति के अध्यक्ष भी हैं, जहां से इस पूरे हिजाब विवाद ने जन्म लिया था। वहीं 05 फरवरी को राज्य में ड्रेस कोड लागू किया गया था, जिसके बाद से ड्रेस कोड का विरोध जारी है। वहीं हिजाब मामले में कर्नाटक हाई कोर्ट में सुनवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications