Karnataka: कर्नाटक में 'शत-प्रतिशत वोटिंग' की तैयारी में EC, जानें क्या है Vote From Home की प्रक्रिया
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 'शत-प्रतिशत मतदान' हो सके इसके लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। यही कारण है कि इस बार मतदान से पहले चुनाव आयोग की ओर से वोटर्स को वोट-फ्रॉम-होम का विकल्प दिया गया है।

Karnataka Assembly Election: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अप्रैल-मई में होने वाले चुनावों में अपनी अगली सरकार चुनने के लिए राज्य के मतदाता वोटिंग के लिए तैयार हैं। मतदान से पहले भारत के चुनाव आयोग की ओर से वोटर्स को वोट-फ्रॉम-होम का विकल्प मिलेगा, यह सुविधा 80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और किसी भी विकलांगता से पीड़ित वोटर को दी जाएगी।
पहली बार 80 साल से अधिक उम्र के लोगों को मिल रही सुविधा
दरअसल, यह पहली बार है जब चुनाव आयोग 80 साल से अधिक उम्र के लोगों को यह सुविधा दे रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी टीमें फॉर्म 12D के साथ जाएंगी जिससे लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में मदद मिलेगी। हालांकि, कुमार का कहना है कि, 'हम 80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को मतदान केंद्र पर जाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, लेकिन जो नहीं जा सकते, वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
क्या है चुनाव आयोग की पूरी योजना
उन्होंने कहा कि, 'जब भी घर से मतदान के लिए प्रक्रिया शुरू होगी, सभी राजनीतिक दलों को सूचित किया जाएगा। विकलांग लोगों के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन 'सक्षम' पेश किया गया है, जिसके माध्यम से वे लॉगिन कर सकते हैं और मतदान करने की सुविधा का चयन कर सकते हैं।' कुमार ने यह भी कहा कि 'सुविधा' नामक एक अन्य मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया गया है। यह उम्मीदवारों के लिए अपना नामांकन और शपथ पत्र दाखिल करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल है। उम्मीदवार सभाओं और रैलियों की अनुमति लेने के लिए इस पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों को देनी होगी यह जानकारी
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदाताओं के लाभ के लिए हमारे उम्मीदवार को जानों नाम से एक अभियान भी शुरू किया है। कुमार ने कहा कि, 'राजनीतिक दलों को अपने पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मतदाताओं को बताना होगा कि उन्होंने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार को क्यों चुना और चुनाव लड़ने के लिए उन्हें टिकट क्यों दिया गया।'
9.17 लाख मतदाता पहली बार करेंगे वोटिंग
कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर कुमार ने कहा कि कुल 224 सीटें हैं, जिनमें से 36 अनुसूचित जाति के लिए और 15 एसटी के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि 5.21 करोड़ मतदाता हैं जिनमें से 2.59 करोड़ महिला मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि 16,976 शताब्दी (सौ वर्ष के व्यक्ति), 4,699 थर्ड जेंडर और 9.17 लाख पहली बार के मतदाता हैं।
ये भी पढ़ें- Karnataka Assembly Election Live: आज होगा कर्नाटक चुनाव की तारीखों का ऐलान
कुमार ने बताया कि 12.15 लाख मतदाता ऐसे हैं जो 80 वर्ष से अधिक आयु के हैं और 5.55 लाख विकलांग लोग हैं जो मतदान करने के पात्र हैं। राज्य में 58,272 मतदान केंद्र हैं, जिनमें शहरी क्षेत्रों में 24,063 शामिल हैं। शीर्ष चुनाव अधिकारी ने कहा कि प्रति मतदान केंद्र औसत मतदाता 883 है। उन्होंने आगे कहा कि 29,141 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी, जबकि 1,200 महत्वपूर्ण मतदान केंद्र हैं।












Click it and Unblock the Notifications