कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बसपा छोड़ किसी से गठबंधन नहीं: देवगौड़ा
बेंगलुरू। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने साफ किया है कि बसपा को छोड़कर किसी पार्टी के साथ कोई गठबंधन वो ना चुनाव के पहले करेंगे और ना बाद में। देवगौडा ने कहा है कि मायावती को छोड़ उनकी पार्टी किसी से कोई गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस से अलग विकल्प पर जोर दिया है, साथ ही राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है।

जेडीएस ने बसपा को दी हैं 20 सीटें
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए फरवरी में बहुजन समाज पार्टी और जनता दल (सेक्युलर) ने गठबंधन करने का ऐलान किया था। इसके लिए बीएसपी के सतीश चंद्र मिश्रा ने लगातार कर्नाटक में जेडीएस के नेताओं से बातचीत की थी। कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं। गठबंधन के मुताबिक, जेडीएस ने बसपा को 20 सीटें दी हैं।

भाजपा की बी-टीम कहने पर भड़के देवगौड़ा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनावी सभा में जेडीएस को बीजेपी की 'बी टीम' कहने पर भी देवगौड़ा ने नाराजगी जताई। एचडी देवगौड़ा ने कहा कि जब सिद्धारमैया उपमुख्यमंत्री थे धरम सिंह सीएम थे तो हम कांग्रेस के लिए टीम बी थे और अब दोबारा हम देखेंगे कि हम कांग्रेस के लिए टीम बी बनते हैं या फिर कांग्रेस जेडीएस के लिए टीम बी बनती है।

कर्नाटक के बाद 2019 की सोचूंगा: देवगौड़ा
2019 में तीसरा मोर्चा और गठबंधन से सवालों पर एचडी देवगौड़ा ने कहा है कि फिलहाल तो उनका पूरा ध्यान कर्नाटक पर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव हो जाने के बाद ही वो दिल्ली जाने की सोचेंगे। उन्होंने कहा कि साल 2019 के चुनावों में क्षेत्रीय पार्टियों को एक साथ आना चाहिए और उन पार्टियों को हराने के लिए काम करना चाहिए जो देश में कट्टरवाद और सांप्रदायिकता फैला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications