कर्नाटक में सत्ता का नया नाटक, बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस ने चला दांव
Recommended Video

नई दिल्ली। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजे जैसे-जैसे आ रहे हैं, सियासी गुणा-गणित का दौर तेज होता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह से बीजेपी को कर्नाटक की सत्ता में आने से रोकने की कवायद में जुटी हुई है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक अगर कांग्रेस और जेडीएस साथ आ जाएं तो उनका आंकड़ा 112 के जादुई आंकड़े को पार कर जाएगा। ऐसी स्थिति में वहां कांग्रेस-जेडीएस की सरकार बन सकती है। कांग्रेस नेता इस कवायद में जुट चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी से बात की है। इस बीच गुलाम नबी आजाद ने मीडिया के सामने आकर साफ कर दिया कि कांग्रेस पार्टी जेडीएस गठबंधन को समर्थन करने के लिए तैयार है। कांग्रेस पार्टी ने कुमारस्वामी को सीएम पद का ऑफर भी दिया है।

गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी से की बात
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर वोटों की गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए सियासी समीकरण बनते दिख रहे हैं। ताजा रूझानों पर गौर करें तो एक समय 115 सीटों तक पहुंचने वाली बीजेपी का आंकड़ा 104 सीटों पर रुकता दिखाई दे रहा है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी तो बन गई है लेकिन बहुमत से अभी 8 सीटें दूर है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी 78 सीटों पर आगे है। तीसरे नंबर पर जेडीएस अलायंस है जिसके पास 40 सीटें जाती दिख रही हैं। अगर इन आंकड़ों को फाइनल माना जाए तो सरकार बनाने का जादुई आंकड़ा किसी भी पार्टी के पास नहीं है।

कुमारस्वामी को सीएम पद का ऑफर!
कर्नाटक चुनाव के अब तक के नतीजों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने सियासी गणित बिठाना शुरू कर दिया है। सूत्र बता रहे हैं कि बीजेपी को कर्नाटक की सत्ता में आने से रोकने के लिए कांग्रेस पार्टी ने जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है। इस संबंध में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी से बात की है। सूत्र ये भी बता रहे हैं कि जेडीएस के कुमारस्वामी को सीएम बनाने की पेशकश की गई है।

क्या होगा बीजेपी का दांव
दरअसल कर्नाटक चुनाव के आंकड़ों को देखें तो कांग्रेस और जेडीएस अगर साथ आते हैं तो उनका आंकड़ा 116 पर पहुंच जाएगा। सरकार बनाने के लिए 112 सीटों की जरूरत है। इस बीच खबर मिल रही है कि कांग्रेस पार्टी ने जेडीएस से संपर्क किया है। अगर कांग्रेस और जेडीएस के बीच सुलह हो गई और सरकार बनाने का रास्ता बनता है तो बीजेपी बहुमत के करीब आकर भी सत्ता से दूर रह जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications