Karnataka Election: जगदीश शेट्टार ने भाजपा से इस्तीफे का किया ऐलान, बोले- लड़ूंगा चुनाव
Karnataka Election: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश शेट्टार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि मुझे शर्मिंदा किया गया, मैं दुखी हूं। मैं पार्टी से और विधानसभा से इस्तीफा देेता हूं।

Karnataka Election: पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की जो लिस्ट जारी की, उसमे जगदीश शेट्टार का नाम नहीं था, जिससे नाराज शेट्टार ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।
जगदीश शेट्टार ने कहा कि वह पार्टी के साथ विधानसभा से भी अपना इस्तीफा देंगे। बता दें कि प्रदेश में जब कांग्रेस की सत्ता थी तो जगदीश शेट्टार विपक्ष के नेता थे। रिपोर्ट की मानें तो शेट्टार आगामी विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगे।
जगदीश शेट्टार ने कहा कि इन लोगों ने मुझे प्रस्ताव दिया था कि मेरे परिवार के सदस्य चुनाव लड़ सकते हैं, मुझे अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। लेकिन मैंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इस्तीफा देने के बाद मैं सबकुछ विस्तार से बताऊंगा।
भारतीय जनता पार्टी में अपने योगदान का जिक्र करते हुए शेट्टार ने कहा कि जिस तरह से मुझे शर्मिंदा किया गया, उससे मैं दुखी हूं, मुझे लगा कि इन लोगों को मुझे जरूर चुनौती देनी चाहिए। लिहाजा मैंने फैसला लिया है कि मैं चुनाव लड़ूंगा।
मैं सिरसी जाऊंगा और विधानसभा से अपना इस्तीफा दूंगा। इसके साथ ही मैं उस पार्टी से भी इस्तीफा दे दूंगा, जिसे मैंने प्रदेश में खड़ा किया। लिंगायत नेता शेट्टार ने कहा कि मेरे खिलाफ सोची समझी रणनीति के तहत षड़यंत्र किया गया।शेट्टार ने कहा कि मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो जिद्दी या अड़ियल हो, लेकिन इस बार मैं इसलिए जिद्दी हुआ क्योंकि पार्टी ने मुझे शर्मिंदा किया है। ये लोग समझ नहीं पाए आखिर मैं उन्हें क्या बताने की कोशिश कर रहा था।
इससे पहले शेट्टार ने सीएम बसवाराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की थी। शेट्टार ने कहा कि मैं हमेशा से ही कहता था कि मैं यह चुनाव लड़ूंगा, आज मैं दुखी हूं, लिहाजा मैं विधायक पद से भी इस्तीफा देता हूं। मैं भारी मन से स्पीकर से मिलूंगा, मैं पार्टी भी छोड़ दूंगा. लेकिन मैं यह चुनाव लड़ूंगा।
बता दें कि भाजपा ने प्रदेश चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दो लिस्ट को जारी कर दिया है। दो लिस्ट में 212 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, जबकि 12 उम्मीदवारों के नाम का अभी ऐलान बाकी है।
बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 10 मई को प्रदेश की सभी 224 सीटों पर मतदान होगा, जबकि 13 मई को मतों की गणना होगी।












Click it and Unblock the Notifications