कांग्रेस MLA की चतुराई या चुनावी रेवड़ी ? अबतक 2,500 परिवारों को बांटे smart TV,ये है शर्त
कर्नाटक में चुनाव से कुछ महीने पहले एक विधायक ने घर-घर में मुफ्त स्मार्ट टीवी बांटना शुरू किया है। बेंगलुरु की हेब्बल सीट से कांग्रेसी विधायक का कहना है कि यह कोई चुनावी रेवड़ी नहीं है।

कांग्रेस के एक विधायक ने चुनाव से ठीक पहले अपने चुनाव क्षेत्र में मुफ्त में स्मार्ट टीवी घर-घर पहुंचाना शुरू कर दिया है। मामला कर्नाटक में बेंगलुरु की हेब्बल सीट का है। कांग्रेस विधायक का तर्क है कि वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं कि बच्चों को पढ़ने में सुविधा हो और परिवार वाले साथ बैठकर मनोरंजन कर सकें और देश-दुनिया से जुड़े रहें। अबतक उन्होंने 2,500 घरों में खुद ही स्मार्ट टीवी इंस्टॉल करवा दिया है और जिगरा इतना बड़ा रखा है कि किसी भी योग्य को इनकार नहीं करने की कह रहे हैं। हालांकि, उनके आलोचक इसे आने वाले विधानसभा चुनावों से जोड़कर देख रहे हैं।
Recommended Video

मुफ्त में स्मार्ट टीवी बांट रहे हैं कांग्रेसी विधायक
कर्नाटक में इसी साल कुछ महीनों बाद ही विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे ठीक पहले बेंगलुरु की हेब्बल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी एमएलए बैराथी सुरेश को अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं की जिंदगी को स्मार्ट बनाने की सूझी है। उन्हें अपने चुनाव क्षेत्र के सिर्फ ऐसे मतदाताओं की तलाश है, जो उनकी नजर में 'योग्य' हैं और जिन्हें वह मुफ्त में स्मार्ट टीवी सेट दे सकें। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के करीबी माने जाने वाले सुरेश के मुताबिक लोगों को टीवी देना उनका चुनावी हथकंडा नहीं है। हालांकि, उनके विरोधी ऐसा कतई मानने को तैयार नहीं हैं।

चुनावी हलफनामे में 420 करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति दिखाई
कांग्रेस विधायक के मुताबिक अबतक 2,500 परिवारों को स्मार्ट टीवी मिल चुका है। सुरेश और उनके समर्थक पहले उन 'योग्य' लोगों की पहचान करते हैं, जिन्हें स्मार्ट टीवी की आवश्यकता है और फिर उनके घर पर खुद जाकर मुफ्त में ही उसे इंस्टॉल करवाकर आते हैं। खुद को 'किसान और जमींदार' बताने वाले कांग्रेसी विधायक ने 2018 के चुनावी हलफनामे में अपनी कुल संपत्ति करीब 416.7 करोड़ रुपए की बताई थी। उनकी पत्नी पद्मावती 2019 में होस्कोटे से उपचुनाव लड़ चुकी हैं और दंपति ने कुल संपत्ति 420.5 करोड़ रुपए दिखाई थी।

कहां से आया ऐसा 'स्मार्ट' विचार ?
अपने चुनाव क्षेत्र में स्मार्ट टीवी बांटने के बारे में सुरेश ने न्यूज18 से कहा है कि उनके मन में दो तरह के विचार हैं। एक तो ऑनलाइन क्लास करने वाले छात्रों की वह मदद करना चाहते हैं, ताकि उनकी परफॉर्मेंस बेहतर हो सके। दूसरा, परिवार वालों को एकसाथ टीवी देखने का मौका मिले। उनका कहना है कि यह पूरे परिवार के लिए मनोरंजन का साधन होगा, जिसके माध्यम से वह दुनिया से जुड़े रह सकेंगे। वे कहते हैं, 'स्मार्ट टीवी की मांग हमारे क्षेत्र के लोग लंबे समय से करते रहे हैं। मुझे खुद भी महसूस हुआ कि अगर हम स्कूल जाने वाले बच्चों को टैबलेट या मोबाइल फोन देंगे तो इसके गलत इस्तेमाल की शिकायतें बढ़ेंगी।.....स्मार्ट टीवी पर वे पूरे परिवार के बीच सीख सकते हैं। '

स्मार्ट टीवी लेने की शर्त क्या है ?
कांग्रेसी विधायक जो स्मार्ट टीवी लोगों के घरों में दे रहे हैं, उसकी एक खासियत है। जब उसे ऑन किया जाता है तो स्क्रीन पर पहले विधायक जी की ही तस्वीर दिखाई पड़ती है। उनका मानना है कि बच्चों की शिक्षा में यह टीवी गेमचेंजर साबित हो सकता है। इसके लिए वह अपने घर का भी हवाला देते हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान हेब्बल विधानसभा क्षेत्र में करीब 2,52,885 वोटर थे, जिसमें सामान्य वर्ग के वोटरों के अलावा एनआरआई और सर्विस वोटर भी थे। लेकिन, सुरेश स्मार्ट टीवी के लिए सिर्फ उन्हीं परिवारों से आवेदन मंगवा रहे हैं, जिनके घरों में स्मार्ट टीवी नहीं है या जिन्हें उसकी जरूरत महसूस हो रही है। हालांकि, अंतिम फैसला उनकी टीम ही निरीक्षण करने के बाद करती है।

क्षेत्र में कुछ खास काम नहीं करने के लगते हैं आरोप
जब कांग्रेसी एमएलए से यह सवाल किया गया कि क्या उन्होंने टीवी बांटने का कोई टारगेट फिक्स कर रखा है कि कितने परिवारों को देंगे? तो उनका कहना था कि जिस सेवा से लोगों को फायदा होता है, उसकी कोई सीमा नहीं है। हालांकि, उनके विरोधियों को उनकी दरियादिली पर संदेह है। उनका कहना है कि टीवी वितरित करने का समय संदिग्ध है और यह सब मतदाताओं को लुभाने के लिए किया गया है। उनका कहना है कि अपने कार्यकाल में उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र के लिए कुछ भी खास नहीं किया है।

यह कोई चुनावी नौटंकी नहीं है-कांग्रेस विधायक
लेकिन, सुरेश इस तरह के दावों का खंडन करते हैं। उन्होंने कहा, 'यह कोई चुनावी नौटंकी नहीं है। मैंने इसे चुनाव से पहले ही शुरू किया था और जब चुनाव आचार संहिता लागू होगी तो मैं रोक दूंगा। चुनाव के बाद में फिर से स्मार्ट टीवी बांटना शुरू करूंगा। उन्हें इसे चुनावी रणनीति कहने दीजिए। मेरे मतदाताओं को सच्चाई पता है।'












Click it and Unblock the Notifications