कर्नाटक विधानसभा में विश्वास मत पर बहस, सिद्धारमैया बोले- इस सत्र में फ्लोर टेस्ट उचित नहीं
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा में इस वक्त विश्वास प्रस्ताव पर बहस हो रही है। विश्वास मत पर बोलते हुए सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि आज केवल उनकी सरकार पर संकट नहीं है बल्कि स्पीकर पर भी जबरन दबाव बनाया जा रहा है। कुमारस्वामी ने कहा कि विपक्ष को सरकार गिराने की जल्दी है, बीजेपी इतनी जल्दबाजी क्यों कर रही है। वहीं, कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि जब तक सुप्रीम कोर्ट के पिछले आदेश पर स्पष्टीकरण नहीं मिल जाता, तब तक इस सत्र में फ्लोर टेस्ट कराना उचित नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसी स्थिति में फ्लोर टेस्ट कराना संविधान के खिलाफ है। सिद्धारमैया ने कहा कि अगर हम विश्वास मत के लिए आगे बढ़ते हैं, व्हिप लागू है और वे (बागी विधायक) सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए सदन से गैर-हाजिर रहते हैं तो ये गठबंधन सरकार के लिए बड़ा नुकसान होगा। सिद्धारमैया ने कहा कि बीजेपी नियमों का उल्लंघन कर रही है।
विधानसभा में फ्लोर टेस्ट से पहले, सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी बहस जारी है। इसके पहले, विश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए सीएम कुमारस्वामी ने बीजेपी नेता बीएस येदुरप्पा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता को इतनी जल्दी क्यों है। हमें कड़े कानून लाने की जरूरत है ताकि दलबदल की इस व्यवस्था पर रोक लगाई जा सके।
विधानसभा में प्रस्ताव पर बहस, बीजेपी-कांग्रेस के बीच तीखी बहस
वहीं, बीजेपी नेता येदुरप्पा ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि सरकार विश्वास मत हारेगी। विश्वास मत पर चर्चा के दौरान डीके शिवकुमार और बीजेपी विधायकों के बीच भी तीखी बहस हुई। कांग्रेस नेता सिद्धारमैया जब बहस के दौरान अपनी बात रख रहे थे, बीजेपी विधायकों ने इसका विरोध किया जिसके बाद डीके शिवकुमार और बीजेपी विधायकों के बीच तीखी बहस हुई।












Click it and Unblock the Notifications