कर्नाटक: बीएस येदुरप्पा के खिलाफ कांग्रेस विधायकों के अपहरण की शिकायत दर्ज
बेंगलुरू। कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के खिलाफ कांग्रेस विधायकों के अपहरण के आरोप में शिकायत दर्ज की गई है। वकील आरएलएन मूर्ति ने भाजपा के नेता बीएस येदुरप्पा, मल्लेशवरम से विधायक अश्वनाथ नारायण और अन्य नेताओं के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वह सदन के कुछ सदस्यों का अपहरण किए हुए हैं और बजट सत्र में हिस्सा नहीं लेने दे रहे हैं।

वकील आरएलएन मूर्ति ने ईमेल के जरिए बेंगलुरू पुलिस स्टेशन में शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि कर्नाटक विधानसभा के मौजूदा सत्र में कांग्रेस के जो विधायक नहीं पहुंचे, उनका येदुरप्पा ने अपहरण कर लिया है।
शिकायत में कहा गया है, येदुरप्पा और उनके साथियों ने कुछ विधायकों को किडनैप कर कहीं बंद किया हुआ है। ये सभी चुने हुए सदस्य हैं, इसलिए जनहित में इनको सदन में होना चाहिए। पुलिस इनको छुड़ाने का प्रबंध करे।
कर्नाटक विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। सत्र के दौरान 13 विधायक सदन में नहीं आ रहे हैं। इनमें 10 विधायक कांग्रेस के हैं। यह विधायक शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बजट सत्र से गैरहाजिर रहे।
कर्नाटक सीएम एचडी कुमारस्वामी और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया लगातार कह रहे हैं कि भाजपा उनके विधायकों को लालच देकर और डराकर सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। शुक्रवार को राज्य का बजट पेश करने से पहले बेंगलुरु में अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा कह रही है कि वे विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार को 50 करोड़ रुपए देंगे। कुमारस्वामी ने एक ऑडियो भी जारी किया जिसमें कथित तौर पर येदियुरप्पा एक विधायक को रुपए और मंत्रिपद की पेशकश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications