Coronavirus: कर्नाटक सीएम येदियुरप्पा ने किया सरकारी आदेश का उल्लंघन, भीड़ पर रोक के बावजूद शादी में पहुंचे
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर देश के लगभग सभी राज्य अलर्ट पर हैं। राज्य सरकारें सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी कर रही हैं जिसमें सबसे अहम है कि भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें। इसके चलते कई कार्यक्रम रद्द भी कर दिए गए हैं। कर्नाटक सरकार ने अधिक संख्या में लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। लेकिन यहां के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा खुद ही इन आदेशों का उल्लंघन करते पाए गए । सीएम रविवार को एक शादी समारोह में शामिल हुए, जहां कम से कम 2 हजार गेस्ट शामिल हुए थे।

सीएम येदियुरप्पा कर्नाटक के बेलागावी में एमएलसी महनतेश कवात्गीमाथ की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम की तस्वीरों में येदियुरप्पा बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे। प्रदेश के गृहमंत्री बसवराज बोम्मई, उडुपी-चिकमंगलुरू के सांसद शोभा करंदलजे, एमएलसी एन रवि कुमार और लाहौर सिंह सिसोरिया भी उन हाई प्रोफाइल गेस्ट में शामिल रहे, जिन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री राजधानी बेंगलुरु से 510 किलोमीटर दूर बेलागावी में हवाई यात्रा के जरिए पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर वह 11 बजकर 15 मिनट पर पहुंचे। नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देकर डाइनिंग एरिया की तरफ बढ़े। सीएम या फिर उनके साथ मौजूद अन्य लोग और सुरक्षाबलों ने मास्क नहीं पहना हुआ था।
सीएमओ के एक सूत्र ने बताया कि येदियुरप्पा ने शादी समारोह में जाने के फैसले को कैंसल कर दिया था, लेकिन एमएलसी महनतेश कवात्गीमाथ ने 'भावनात्मक अपील' करते हुए कहा कि सीएम की मौजूदगी उनके लिए 'प्रतिष्ठा का विषय' है। इसके बाद सीएम ने अपना मन बदल लिया। महनतेश विधानपरिषद में भाजपा के कद्दावर नेता हैं और कार्यक्रम में सीएम की गैरमौजूदगी से स्थानीय समर्थकों में अच्छा संदेश नहीं जाता। वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलों और ऐक्टिविस्ट्स ने सीएम के इस कदम की आलोचना की है।












Click it and Unblock the Notifications