कर्नाटक: कुमारस्वामी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज, कांग्रेस से कौन-कौन बनेगा मंत्री
बेंगलूरू: कर्नाटक चुनाव के बाद जेडीएस ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई है। 23 मई को कुमारस्वामी के कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद 2 हफ्ते से मंत्रालयों को लेकर दोनों पार्टी के नेताओं में बैठकों का दौर चलता रहा और तब जाकर कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या पर सहमति बनी थी। वहीं कर्नाटक में कुमारस्वामी मंत्रिमंडल का विस्तार आज होने जा रहा है जिसको लेकर सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं।

बुधवार को दोपहर दो बजे एचडी कुमारस्वामी कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। खबरों के मुताबिक, जेडीएस के 9 और कांग्रेस के 17 विधायक आज शपथ ग्रहण कर सकते हैं।

कुमारस्वामी कैबिनेट में कांग्रेस के होंगे 17 विधायक
निर्दलीय विधायक आर शंकर भी मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस के डीके शिवकुमार, केजी जॉर्ज और प्रियांक खडगे भी आज कुमारस्वामी कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेंगे। ख़बरों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में कांग्रेस के मंत्रियों के नाम पर मुहर लगाई। इस बैठक में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर, दिनेश गुंडु राव और डीके शिवकुमार भी मौजूद थे। कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि सीनियर और जूनियर का ध्यान रखते हुए ये नाम तय किये गए हैं। ये दोनों का साझा चुनाव है और ये मिलकर सरकार अच्छे से चलाने का काम करेंगे।

बसपा के एकलौते विधायक को भी मंत्रिमंडल में मिलेगी जगह
जबकि जेडीएस ने कहा है कि वो अपने सहयोगियों का भी ध्यान रखेंगे और बसपा के एकलौते विधायक को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जायेगा। जेडीएस की तरफ से दानिश अली ने बताया कि बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। वहीं कई विधायकों को जेडीएस सुप्रीमो देवेगौड़ा के आवास पर भी देखा गया जो मंत्रिमंडल में शामिल होने का जुगाड़ लगा रहे थे जबकि इसको लेकर कुछ विधायकों में नाराजगी की खबरें भी हैं। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने ऐसी किसी से इंकार किया है और कहा है कि कांग्रेस और जेडीएस मिलकर कर्नाटक में एक स्थिर सरकार चलाने का काम करेंगे।

मंत्रीपद को लेकर कांग्रेस-जेडीएस के बीच सहमति
इसके पहले सहमति के बाद कैबिनेट में जेडीएस को 12 जबकि कांग्रेस को 22 मंत्रियों पर सहमति बनी थी। खबरों के अनुसार, जेडीएस के पास वित्त, पीडब्लयूडी, शिक्षा और टूरिज्म एंड ट्र्रांसपोर्ट जैसे अहम मंत्रालय रहेंगे तो वहीं कांग्रेस को गृह, स्वास्थ्य, कृषि, अर्बन और रूरल डेवलेपमेंट, वन और पर्यावरण, लेबर, महिला और बाल विकास खाद्य, युवा और खेल, हाउसिंग, खनन, हज, वक्फ और अल्पसंख्यक मंत्रालय मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications