बीजेपी ने येदियुरप्पा के बेटे BY Vijayendra को बनाया कर्नाटक का प्रदेश अध्यक्ष, क्यों हुई कटील की छुट्टी?
बीजेपी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र येदियुरप्पा को राज्य का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र के मुताबिक उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
शुक्रवार को बीजेपी मुख्यालय की ओर से जारी संगठनात्मक नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विजयेंद्र यदियुरप्पा को कर्नाटक बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

शिकारीपुरा सीट से एमएलए है विजयेंद्र येदियुरप्पा
विजयेंद्र येदियुरप्पा कर्नाटक की शिकारीपुरा विधानसभा सीट से पार्टी के एमएलए हैं। भाजपा ने उनकी नियुक्ति नलिन कुमार कटील की जगह की है। गौरतलब है कि इस साल बीजेपी ने उन्हीं की अगुवाई में राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ा था, जिसमें वह कांग्रेस से बुरी तरह से पराजित हुई थी।
लिंगायत वोट बैंक पर नजर
कर्नाटक में इस हार के बाद कटील के खिलाफ पार्टी नेताओं ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी और उनकी जगह दूसरे नेता को कमान सौंपने की मांग की जा रही थी। येदियुरप्पा प्रदेश में जातीय रूप से सबसे प्रभावी माने जाने वाले लिंगायत समुदाय के सबसे बड़े नेता माने जाते हैं। राज्य के चुनाव में पार्टी को कांग्रेस के हाथों जो भयंकर हार मिली, उसकी एक वजह येदियुरप्पा को सीएम का चेहरा नहीं बनाया जाना भी माना जाता रहा है। हालांकि, खुद येदियुरप्पा ने पार्टी के लिए पूरा जोर लगाने की कोशिश की थी।
जेडीएस से हो चुका है भाजपा का गठबंधन
ऐसे में येदियुरप्पा के बेटे को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर अपना इशारा साफ कर दिया है। खासकर तब जब वोक्कालिगा परिवार के नेताओं एचडी देवगौड़ा और कुमारस्वामी की पार्टी जेडीएस से राज्य में पहले ही उसका गठबंधन भी हो चुका है।
विजयेंद्र को कर्नाटक की कमान देने के पीछे एक वजह यह भी हो सकती है कि मौजूदा कांग्रेस सरकार में लिंगायत समुदाय को उनकी अपेक्षा के हिसाब से हिस्सेदारी नहीं मिली है। जबकि, कहा जाता है कि पिछले चुनाव में येदियुरप्पा के भाजपा के चेहरा नहीं होने की वजह से उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में जमकर वोट डाले थे। ऐसे में उनके बेटे को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने कांग्रेस के लिए भी बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है।
नियुक्ति के बाद क्या बोले विजयेंद्र?
अपनी नियुक्ति के बाद विजयेंद्र येदियुरप्पा ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि वह राज्य में पार्टी को अधिकतर सीटें दिलाकर पीएम मोदी का हाथ मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें हैं। बीजेपी मानती है कि अगर तीसरी बार केंद्र में सत्ता में आना है तो कर्नाटक की एक-एक सीट जीतना उसके लिए बहुत अहम है। इसीलिए वह लगातार लोकसभा चुनावों के हिसाब से ही अपना सियासी गणित बिठाने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications