कर्नाटक में बड़ी जीत से कांग्रेस को राज्यसभा में भी मिलेगा दो तरफा फायदा
कर्नाटक में कांग्रेस को जो बड़ी जीत मिली है, उसका फायदा पार्टी को आने वाले तीन वर्षों तक मिलेगा। वह अगले साल राज्य से अपनी तीन राज्यसभा सीटें भी बचा पाएगी और इनकी संख्या भी बढ़ा सकेगी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली बहुत बड़ी जीत की वजह से कांग्रेस को अगले साल राज्यसभा चुनाव में प्रदेश की अपनी तीनों सीटों पर कब्जा बरकरार रखने में मदद मिलेगी। क्योंकि, 2024 में राज्य से आने वाले 4 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म होने वाला है। इतना ही नहीं इस बंपर जीत की वजह से आने वाले तीन वर्षों में पार्टी राज्य से ऊपरी सदन में अपने सदस्यों की संख्या भी मौजूदा 5 से बढ़कर 7 तक पहुंचा सकती है।
कर्नाटक से कांग्रेस के अभी 5 राज्यसभा सांसद हैं
कर्नाटक में राज्यसभा की कुल 12 सीटें हैं। इनमें से अभी 6 बीजेपी, 5 कांग्रेस और 1 जेडीएस के पास है। 2024 में कर्नाटक से राज्यसभा के जिन चार सदस्यों का कार्याल पूरा हो जाएगा, उनमें बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के अलावा कांग्रेस के एल हनुमंतैया, सैयद नासिर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर शामिल हैं।
2026 में जेडीएस का एक भी सांसद नहीं रहेगा
कर्नाटक से 4 और राज्यसभा सदस्य 2026 और 2028 में रिटायर होंगे। 2026 के मध्य में जेडीएस सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। इसके बाद जेडीएस का एक भी सदस्य राज्यसभा में नहीं रह जाएगा। इस तरह से कांग्रेस की बड़ी जीत का उसे सीधा नुकसान होने वाला है।
एनडीए की बहुमत के लक्ष्य को झटका
भाजपा अगले साल होने वाले चुनाव में कर्नाटक की अपनी एक राज्यसभा सीट तो अपने पास रख लेगी, लेकिन 2026 तक प्रदेश से इसके सांसदों की संख्या में एक की कमी हो जाएगी। हालांकि, भाजपा के पास अभी उच्च सदन में कुल 92 सदस्य हैं और कर्नाटक चुनाव से उसपर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन, पार्टी ने राज्यसभा में एनडीए की बहुमत का जो लक्ष्य निर्धारित कर रखा है, उसे इस रिजल्ट से झटका जरूर लगा है।
राज्यसभा की कुल 6 सीटें खाली हैं
राज्यसभा में कुल सीट 245 है। इनमें से 4 जम्मू और कश्मीर से और दो नामित सदस्यों की जगह खाली हैं। इस वजह से अभी संसद के ऊपरी सदन के सदस्यों की संख्या सिर्फ 239 है। 92 सांसदों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है तो 31 सांसदों वाली कांग्रेस दूसरे स्थान पर है। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के 13, डीएमके और आम आदमी पार्टी के 10-10, बीजेडी और वाईएसआर कांग्रेस के 9-9, तेलंगाना राष्ट्र समिति के 7 और राष्ट्रीय जनता दल के 6 सांसद हैं।
Recommended Video
इस साल 10 सीटों पर होंगे चुनाव
सांसदों के कार्यकाल खत्म होने के चलते इस साल राज्यसभा की कुल 10 सीटें खाली होने वाली हैं। जुलाई में गोवा से एक सदस्य का कार्यकाल खत्म हो रहा है तो अगस्त में पश्चिम बंगाल से 6 और गुजरात से 3 सीटें खाली हो रही हैं। लेकिन, इन सीटों पर चुनाव के बावजूद सदन के समीकरण में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। क्योंकि, संबंधित राज्यों में मौजूदा सत्ताधारी दलों की सरकारें ही लंबे वक्त से चल रही हैं।
लेकिन, राज्यसभा में पार्टियों के गणित में बड़ा बदलाव अगले साल दिख सकता है, वह भी लोकसभा चुनावों से पहले। क्योंकि, 2024 के मार्च से अप्रैल के बीच राज्यसभा का द्विवार्षिक चुनाव होना है, जिसमें 56 सीटों के लिए सदस्य चुने जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications