Karnataka: विधानसभा में BJP विधायक क्यों करेंगे 'पूरी रात' विरोध प्रदर्शन?
Karnataka News: बीजेपी ने बुधवार को एलान किया है कि वह कर्नाटक विधानसभा और विधान परिषद में 'पूरी रात' प्रदर्शन आयोजित करेगी। भाजपा का आरोप है कि मूडा घोटाले (MUDA Scam) को लेकर सदन में चर्चा नहीं होने दी जा रही।
कर्नाटक में मैसूर अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MUDA) से जुड़े हजारों करोड़ रुपए के कथित जमीन घोटाले में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की पत्नी पार्वती पर आरोप लग रहे हैं।

कर्नाटक में कायरों की सरकार- बीजेपी
बीजेपी आरोप लगा रही है कि कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर सदन का संचालन सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के पक्ष में कर रहे हैं। इसको लेकर पार्टी ने सीएम सिद्दारमैया सरकार पर यह कहकर हमला बोला है कि यह 'कायरों की सरकार है।'
कैसे सामने आया मूडा घोटाला?
कथित मूडा घोटाले का पर्दाफाश तब हुआ जब मैसूर में केसारे गांव के एक असल जमीन मालिक ने अपनी 3.16 एकड़ जमीन पर दावा करने के लिए मैसूर के डिप्टी कमिश्नर के पास याचिका डाली। यह जमीन 2005 में सीएम सिद्दारमैया के साले के नाम ट्रांसफर की गई थी।
बाद में वह जमीन मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की पत्नी बीएम पार्वती को उनके भाई ने गिफ्ट में दे दी। यही जमीन आगे चलकर मूडा ने अधिग्रहित कर ली और उसके बदले 2022 में उन्हें मैसूर के 14 प्रमुख स्थानों पर मुआवजे के तौर पर 50:50 की योजना के तहत भूमि आवंटित कर दी गई।
इस योजना के तहत जमीन मालिक को उसकी अविकसित जमीन के बदले बतौर मुआवजा उसी जगह पर 50% जमीन विकसित करके देने का प्रावधान था। लेकिन, उन्हें अलग स्थानों पर जो कथित जमीन आवंटित की गई वह बहुत ही बेशकीमती थी।
सिद्दारमैया सरकार चर्चा से भाग गई- नेता प्रतिपक्ष, कर्नाटक विधानसभा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विधानसभा में विरोधी दल के नेता आर अशोका ने बताया है 'कांग्रेस के पास 136 एमएलए हैं। जब हम मूडा घोटाले में 4,000 करोड़ रुपए की लूट को लेकर स्थगन प्रस्ताव लेकर आए, सरकार डर गई और भाग रही थी(चर्चा से)।'
कांग्रस सरकार में मूडा घोटाल पर जवाब देने का साहस नहीं-बीजेपी
भाजपा नेता ने कहा, 'उन्होंने बिना चर्चा के बिल पास कर लिए जिसमें वित्त विधेयक भी शामिल है। यह कायरों की सरकार है, उनमें मूडा से जुड़े आरोपों पर सदन में जवाब देने का साहस नहीं है।'
उनका कहना है कि अगर सरकार या उसके समर्थकों में जरा भी 'शर्म या आत्मसम्मान' बची थी तो उन्हें सदन में कहना चाहिए था कि सिद्दारमैया ने 14 प्लॉट कानूनी तरीके से लिए थे।
दलितों की एक लाख करोड़ वर्ग फीट से ज्यादा जमीन लूट ली गई-बीजेपी
बीजेपी नेता का आरोप है कि 'यह 4,000 करोड़ रुपए का घोटाला है। दलितों की एक लाख करोड़ वर्ग फीट से ज्यादा जमीन लूट ली गई....हम यह मुद्दा उठाना चाहते थे, हमें अनुमति नहीं दी गई....स्पीकर का सत्ताधारी दल के पक्ष वाला रवैया निंदनीय है...स्पीकर विपक्ष की आवाज दबा रहे हैं, हम दिन-रात के प्रदर्शन की घोषणा कर रहे हैं। हमारे सभी एमएलए और एमएलसी सरकार के खिलाफ दिन और रात प्रदर्शन करेंगे।'
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और एमएलए बीवाई विजयेंद्र ने भी कहा है कि 'दलितों के साथ अन्याय न हो इसके लिए हम पूरी रात प्रदर्शन करेंगे, ताकि मुख्यमंत्री के परिवार को जो जमीन दी गई है वह वापस हो और वह अन्य 5,000 प्लॉट भी वापस हों जो गैर-कानूनी तरीके से दे दिए गए थे।'












Click it and Unblock the Notifications