Covid news: कर्नाटक ने कोविड को लेकर जारी की एडवाइजरी, उम्रदराज लोगों को मास्क पहनने की सलाह
देश के कुछ राज्यों में कोविड-19 महामारी की आहट फिर सुनाई देने लगी है। केरल के बाद अब कर्नाटक ने भी अपने नागरिकों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। कर्नाटक के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव ने सोमवार को वरिष्ठ नागरिकों और अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव ने यह बयान केरल और अन्य राज्यों में कोविड-19 मामलों में वृद्धि के बाद दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि, हमने कल एक बैठक की। जहां हमने चर्चा की कि, क्या कदम उठाए जाने चाहिए? जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है और जिन्हें दिल की समस्या है और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं। हम जल्द ही एक एडवाइजरी जारी करेंगे। फिलहाल ऐसे नागरिकों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा कि, हमने सरकारी अस्पतालों को तैयार रहने को कहा है। केरल के साथ सीमा साझा करने वाले क्षेत्रों को अधिक सतर्क रहना चाहिए। मैंगलोर, चमनजनगर और कोडागु को सतर्क रहना चाहिए। टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी। जिन लोगों को श्वसन संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से परीक्षण कराना होगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में सोमवार को कोविड-19 एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,828 हो गई। जबकि केरल में एक शख्स की मौत हुई है। केरल में हाल ही में कोविड उप-संस्करण जेएन.1 का पता चला था।
कोविड संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4.46 करोड़ (4,44,69,931) हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत आंकी गई है। कोविड-19 से अब तक 5,33,317 लोगों की मौत हो चुकी है और मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।












Click it and Unblock the Notifications