J&K: माइनस 20 डिग्री पहुंचा कारगिल का तापमान, भूस्खलन की चेतावनी
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के लोगों को फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिलते नहीं दिख रही है। लद्दाख संभाग का कारगिल जिला देश का सबसे ठंड़ा स्थान बना हुआ है। सोमवार को करगिल का तापमान माइनस 20.2 डिग्री पर पहुंच गया। यह इलाका जम्मू कश्मीर का भी सबसे ठंडा बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'चिल्लई कलां की अवधि में घाटी में हिमपात की संभावना नहीं है हालांकि छिटपुट जगहों पर वर्षा हो सकती है।'

वहीं लद्दाख का लेह जिला राज्य का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को यहां का तापमान माइनस 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में दिन का पारा लगातार सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चल रहा है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री चढ़कर 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गय।
वहीं इस साल जम्मू संभाग में सर्दी के मौसम में बारिश न होने के काऱण किसान परेशान हैं। बारिश न होने के चलते गेहूं की फसल के बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को रियासत के कई इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई है।
स्नो एंड एवलांच स्टडी इस्टेब्लिशमेंट (सीएएसई) ने राज्य के विभिन्न जिलों में निम्न श्रेणी वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों में हिमस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में पुंछ, राजोरी, रियासी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर, अनंतनाग, कुलगाम, बडगाम, कुपवाड़ा, बांडीपोरा, गांदरबल, कारगिल और लेह जिलों का जिक्र किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications