गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण मिलने पर कपिल सिब्बल ने दी बधाई, कांग्रेस पर कसा तंज
मुंबई, 26 जनवरी: कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म सम्मान दिए जाने पर कपिल सिब्बल ने उनको बधाई दी है। वहीं अपनी पार्टी कांग्रेस के आलाकमान को इस बहाने से निशाने पर लिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि आजाद के काम को सरकार पहचान रही है लेकिन कांग्रेस को उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं है।
Recommended Video

कपिल सिब्बल ने अपने ट्वीट में लिखा- गुलाम नबी आजाद को पदम भूषण सम्मान मिला है। बधाई हो भाईजान। अजीब विडंबना है कि जब देश सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को मान्यता दे रहा है लेकिन कांग्रेस को उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। बता दें कि कांग्रेस के कुछ सीनियर नेता बीते कुछ समय से कांग्रेस आलाकमान से खफा चल रहे हैं। जिनको जी-23 का नाम दिया गया है। इनमें कपिल सिब्बल और जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद भी शामिल हैं। गुलाम नबी आजाद को राज बब्बर और शशि थरूर ने भी पद्म पुरस्कार के लिए बधाई दी है।
जयराम रमेश ने आजाद पर साधा निशाना
गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण पुरस्कार पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इसे स्वीकार करने को लेकर उन पर निशाना साधा है। दरअसल पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को भी पद्म भूषण देने का ऐलान किया गया लेकिन उन्होंने यह सम्मान लेने से इनकार कर दिया है। भट्टाचार्य के इस फैसले को लेकर कांग्रेस के जयराम रमेश ने ट्विटर पर लिखा, उन्होंने सही कदम उठाया, वह आजाद रहना चाहते हैं, ना कि गुलाम।
मंगलवार शाम को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को भी पद्म भूषण पुरस्कार का ऐलान किया गया है। बीते कुछ समय से ये माना जा रहा है कि गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व यानी राहुल गांधी और सोनिया गांधी से रिश्ते ठक नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications