कपिल सिब्बल ने पूछा- क्या यूजीसी आठ नवंबर को भी मनाएगा सर्जिकल स्ट्राइक डे
यूजीसी आठ नवंबर को भी मनाए 'सर्जिकल स्ट्राइक डे': कपिल सिब्बल
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने यूजीसी से सवाल किया है कि क्या वो आठ नवंबर को भी 'सर्जिकल स्ट्राइक डे' मनाने की हिम्मत कर पाएगा, जिस दिन नोटबंदी कर लोगों से रोजगार छीना गया था। विश्वविद्यालयों में 29 सितंबर को 'सर्जिकल स्ट्राइक दिवस' मनाने के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देश को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने ये सवाल किया है। बता दें कि आठ नंवबर 2016 को पीएम मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद किए जाने का ऐलान किया था।

कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, 'यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस के रूप में मनाने का आदेश दिया है. क्या इसका मकसद लोगों को शिक्षित करना है या फिर बीजेपी के राजनीतिक हितों की पूर्ति करना है? क्या यूजीसी आठ नवंबर को लोगों से उनके रोजगार छीनने को भी सर्जिकल स्ट्राइक दिवस के तौर पर मनाने की हिम्मत करेगा?'
यूजीसी ने देश भर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को गुरुवार को निर्देश दिया कि 29 सितंबर की तारीख को 'सर्जिकल स्ट्राइक दिवस' के तौर पर मनाएं। हालांकि बाद में यूजीसी ने साफ किया कि इसको लेकर कोई बाध्य नहीं है, यूनिवर्सिटी प्रशासन चाहे तो इसे मना सकता है। मानव संसाधन एवं विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हमने उन्हीं संस्थानों को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने को कहा है जो ऐसा चाहते हैं। हमने इसे जरूरी नहीं बनाया है। हम सिर्फ सलाह जारी करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications