मैंने किसी का कत्ल थोड़े ही किया है, जो वापस नहीं आऊंगा-वापसी पर बोले कपिल शर्मा
मुंबई। लंबे अरसे बाद कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की टीवी पर वापसी होने जा रही है लेकिन टीवी पर वापसी से पहले वो वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं वो भी अपनी लंबे वक्त की प्रेमिका गिन्नी चतरथ के साथ, दोनों की शादी 12 दिसंबर को जालंधर में होने वाली है, लंबे वक्त से मीडिया से दूर रहने वाले कपिल ने हाल ही में बॉम्बे टाइम्स से खास बात की है, इस दौरान उन्होंने अपने जीवन से जुड़ी कुछ खास बातों पर प्रकाश डाला, इस दौरान उनकी होने वाली पत्नी गिन्नी भी साथ ही थीं।

कपिल ने पूछा-अरे मैंने किसी का कत्ल कर दिया है क्या?
कपिल से जब उनकी वापसी पर सवाल किया गया तो कपिल ने कहा कि अरे मैंने किसी का कत्ल कर दिया है क्या, जो मैं वापस नहीं आऊंगा, हां मेरा वक्त कुछ खराब चल रहा था, एक के बाद एक कुछ ऐसी चीजें हो रही थीं, जिसकी वजह से मैं काफी परेशान हो गया था, ऊपर से मेरा स्वास्थ्य भी खराब हो गया था। जब चीजें गलत होने लगती हैं कि आप एक के बाद गलती करने लगते हैं और यही सब हुआ मेरे साथ, अब तो मेरे फैंस भी पूछने लगे हैं कि मैं कब वापस आ रहा हूं, शायद ये उनके प्यार और दुआओं का असर है कि अब चीजें वापस सही हो रही हैं।

जैसा गिन्नी बोलेंगी वैसा करूंगा: कपिल शर्मा
अपनी होने वाली बीवी गिन्नी के बारे में कपिल ने कहा कि ये बहुत ही आध्यात्मिक हैं, इसके पूजा-पाठ का ही असर है कि आज मैं ठीक हूं, मैं इसकी हर बात हमेशा मानूंगा क्योंकि मुझे पता है कि ये सही होती है, मेरे लिए ये दुआ मांगती हैं। मेरे भले के लिए वह हमेशा आस-पास रहती हैं। जिस पर गिन्नी ने कहा कि मैंने जो कुछ भी किया है वो अपने लिए किया है, मैंने वो ही वापस करने की कोशिश की, जो मैंने कपिल से पाया था, गिन्नी ने कहा कि कपिल बहुत केयरिंग, इमोशनल और प्यारा है, उसने मुझे बहुत प्यार दिया है, मैंने बस वो ही देने की कोशिश की।

ऐसे हुई थी कपिल और गिन्नी की पहली मुलाकात
अपनी और गिन्नी की पहली मुलाकात के सवाल पर कपिल पहले तो मुस्कुराए लेकिन फिर बोले कि गिन्नी जालंधर के एचएमवी कॉलेज में पढ़ती थीं और मैं एपीजे कॉलेज में पढ़ता था। मैंने पॉकेट मनी के लिए प्ले डायरेक्शन शुरू किया और इसी दौरान एक ऑडिशन में 2005 में मेरी मुलाकात गिन्नी से हुई। तभी से हम टच में बने रहे और काफी उतार-चढ़ाव के बावजूद हमारी लव स्टोरी चलती रही और आज ये रिश्ता शादी में तब्दील होने जा रहा है।

12 दिसंबर को है कपिल शर्मा की शादी
मालूम हो कि कपिल शर्मा 12 दिसंबर को अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी के साथ शादी करने जा रहे हैं, ये शादी गिन्नी के होम टाउन जालंधर में होगी, कपिल ने कहा कि हम इस समारोह को सादा रखना चाहते थे लेकिन गिन्नी इकलौती बेटी है इसलिए उनके घरवाले शादी धूमधाम से करना चाहते हैं, मेरी मां की भी दिली इच्छा यही है कि मेरी शादी धूम-धाम से हो इसलिए शादी अब भव्य तरीके से होगी।

कपिल के बुरे वक्त में गिन्नी रहीं साथ
बता दें कि कि कपिल और गिन्नी लंबे वक्त से साथ हैं और एक-दूसरे कमजोरियों और ताकतों को समझते हैं। प्रीति के साथ कुछ वक्त के लिए कपिल इमोशनली अटैच्ड हुए थे लेकिन उसके बाद क्या हुआ सबको पता है, फिलहाल कपिल वापस अपनी लाइफ में सेट हो रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने गिन्नी को अपना हमसफर चुन लिया है। कपिल ने हाल ही में पंजाबी फिल्म सन ऑफ मंजीत प्रोड्यूस की है। गिन्नी का असली नाम भवनीत है। गिन्नी कपिल के साथ पंजाबी कॉमेडी शो 'हंसबलिए' में नजर आ चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications